रामपुर बुशहर (शिमला) निरमंड में छह दिन से बिजली गुल, ग्रामीणों ने खुद संभाला मोर्चा
निरमंड उपमंडल की चायल और जुआगी पंचायतों में पिछले छह दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने के चलते हजारों ग्रामीणों की परेशानियां बढ़ गई हैं। सड़क संपर्क बाधित होने के बाद बिजली संकट ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। मोबाइल चार्ज न होने से जहां लोगों का संपर्क प्रभावित हो रहा है, वहीं विद्यार्थियों की पढ़ाई और रोजमर्रा के काम भी प्रभावित हैं।
बिजली बहाली में देरी को देखते हुए ग्रामीणों ने खुद मोर्चा संभाल लिया। चायल-जुआगी के लोगों ने श्रमदान करते हुए बिजली के खंभे, तार और अन्य सामग्री मौके तक पहुंचाई और नए खंभे लगाने के लिए गड्ढे खोदने का काम भी शुरू कर दिया।
विद्युत विभाग के सहायक अभियंता अश्वनी शर्मा के अनुसार आवश्यक सामग्री मौके पर पहुंचा दी गई है और काम शुरू हो चुका है। मौसम अनुकूल रहा तो शनिवार शाम या रविवार सुबह तक दोनों पंचायतों में बिजली आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है।
इस श्रमदान में जुआगी पंचायत के प्रधान ओम प्रकाश ठाकुर, बीडीसी चायल-जुआगी डीम मौन सिंह राजू, जुआगी वार्ड सदस्य राजेश्वर ठाकुर, विद्युत विभाग के लाइनमैन ज्योति प्रकाश ठाकुर, चायल के पूर्व उपप्रधान ओम प्रकाश ठाकुर, वार्ड सदस्य सगोफा जोगेंद्र सिंह पप्पू, वार्ड सदस्य दवाह जितेंद्र ठाकुर, घनश्याम मानक, मंजू, तिलक ठाकुर, सूर्या सहित दर्जनों ग्रामीणों ने भाग लिया।
Chamba, Chamba | Sep 6, 2026