फतेहपुर: किशनपुर थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच मारपीट, पुलिस जांच में जुटी
फतेहपुर के थाना किशनपुर क्षेत्र में देर रात्रि दो पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, चंदन यादव अपनी गाड़ी से जा रहे थे, तभी वाहन चेकिंग के दौरान उनकी गाड़ी में हूटर लगा पाया गया। नियमों के उल्लंघन के चलते पुलिस ने वाहन को सीज कर दिया। इसके बाद चंदन यादव ने दूसरी गाड़ी खागा थाना क्षेत्र से मंगाई।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान चंदन यादव को यह भ्रम हो गया कि उनकी गाड़ी स्थानीय निवासी रवि तिवारी के कहने पर सीज की गई है। इसी बात को लेकर देर रात दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
विवाद के दौरान रवि तिवारी के भाई आशीष तिवारी की सरिया दुकान पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आशीष तिवारी ने आरोप लगाया कि चंदन यादव पक्ष के लोग उनकी दुकान में घुस आए, वहां तोड़फोड़ और लूटपाट की तथा उन्हें जबरन वाहन में बैठाकर ले गए और मारपीट की।
हालांकि पुलिस जांच में अब तक लूटपाट के आरोपों की पुष्टि नहीं हो सकी है। क्षेत्राधिकारी खागा द्वारा स्वयं मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई। प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Bilgram, Hardoi | Jul 20, 2026