सोलन के गंज बाजार में स्थापित हो अटल जी की आदमकद प्रतिमा, पार्क का नाम रखा जाए ‘अटल पार्क’: डॉ. राजेश कश्यप
सोलन, 16 अगस्त। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की आठवीं पुण्यतिथि के अवसर पर आज भारतीय जनता पार्टी सोलन शहरी मंडल की बैठक भाजपा कार्यालय सोलन में आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अटल जी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।
इस अवसर पर सोलन विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी डॉ. राजेश कश्यप ने प्रस्ताव रखा कि सोलन के ऐतिहासिक गंज बाजार स्थित पार्क में श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाए तथा इस पार्क का नाम आधिकारिक रूप से ‘अटल पार्क’ रखा जाए।
डॉ. राजेश कश्यप ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी एक महान राष्ट्रनेता, प्रखर वक्ता, संवेदनशील कवि और दूरदर्शी राजनेता थे। उन्होंने सुशासन, राष्ट्रीय एकता, लोकतांत्रिक मर्यादाओं और विकास की राजनीति को नई दिशा प्रदान की। उनका हिमाचल प्रदेश के साथ विशेष आत्मीय संबंध रहा और प्रदेश की जनता भी उन्हें अपने परिवार के सदस्य की तरह सम्मान देती रही है।
उन्होंने कहा कि सोलन शहर के प्रमुख स्थान पर अटल जी की प्रतिमा स्थापित होने से भावी पीढ़ियों को उनके जीवन, विचारों और राष्ट्र के प्रति समर्पण से प्रेरणा मिलेगी। ‘अटल पार्क’ न केवल उनकी स्मृतियों को चिरस्थायी बनाएगा, बल्कि सोलन शहर के लिए एक प्रेरणादायक एवं गरिमापूर्ण सार्वजनिक स्थल के रूप में भी विकसित होगा।
डॉ. कश्यप द्वारा प्रस्तुत इस प्रस्ताव को भाजपा सोलन शहरी मंडल ने करतल ध्वनि के साथ सर्वसम्मति से स्वीकार किया। मंडल अध्यक्ष श्री shilender गुप्ता ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया मंडल ने इस प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति एवं क्रियान्वयन के लिए संबंधित प्रशासनिक तथा नगर निगम अधिकारियों के समक्ष रखने का भी निर्णय लिया।
Solan, Solan | Aug 16, 2026