पौड़ी में मुर्गी के बाड़े में फंसा गुलदार, वन विभाग ने किया रेस्क्यू
पौड़ी जनपद के मासों तल्ला क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक गुलदार गांव में स्थित मुर्गी के बाड़े में फंस गया। गुलदार के बाड़े में फंसे होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
ग्रामीणों ने तत्काल इसकी जानकारी वन विभाग को दी। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए वन विभाग ने आसपास के लोगों को मौके से दूर रहने की सलाह दी तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए।
वन विभाग की टीम ने गुलदार को सुरक्षित तरीके से पकड़ने के लिए ट्रेंकुलाइज करने की कार्रवाई की। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत और सतर्क प्रयासों के बाद टीम गुलदार को ट्रेंकुलाइज करने में सफल रही। इसके बाद गुलदार को सुरक्षित कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की गई।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रेस्क्यू अभियान पूरी सावधानी के साथ चलाया गया ताकि न तो गुलदार को कोई नुकसान पहुंचे और न ही स्थानीय लोगों की सुरक्षा पर कोई खतरा उत्पन्न हो। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों ने राहत की सांस ली।
#highlightseveryonefollowers #highlightseveryone #BreakingNews #uttarakhandupdate #PauriNews