देहरा: बोनट पर बैठी महिला और सनरूफ से बाहर निकले युवक के साथ घूमना पड़ा महंगा, ₹3500 का चालान
#timesofhimachal
Ashish Sharma
शहर के व्यस्त हनुमान चौक क्षेत्र में यातायात नियमों की अवहेलना करने पर पुलिस ने एक कार चालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ₹3500 का चालान किया है। शुक्रवार को यातायात ड्यूटी के दौरान पुलिस अधिकारियों ने एक कार को खतरनाक तरीके से चलते देखा, जिसमें एक महिला कार के बोनट पर बैठी हुई थी, जबकि एक अन्य व्यक्ति सनरूफ से बाहर निकला हुआ था। यह स्थिति वाहन में सवार लोगों तथा अन्य राहगीरों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रही थी।
पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक निर्देशों की अनदेखी कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद यातायात पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच कर वाहन की पहचान की और मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत चालक का ₹3500 का चालान किया।
जिला पुलिस ने कहा है कि सड़क पर स्टंटबाजी, लापरवाही और खतरनाक ड्राइविंग किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।