डीसी मॉडल स्कूल में साइबर सुरक्षा जागरूकता सेमिनार आयोजित
फरीदाबाद A2z न्यूज़ update, आप की आवाज़ एसवीसी को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, नीलम-बट्टा रोड शाखा की ओर से डीसी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, फरीदाबाद में साइबर सिक्योरिटी अवेयरनेस कैंपेन के तहत विशेष जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन स्कैम और डिजिटल धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी देते हुए उनसे बचाव के प्रभावी उपाय बताए गए।
सेमिनार के दौरान वर्तमान समय में बढ़ रहे ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर होने वाले साइबर अपराधों के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया गया। प्रतिभागियों को बताया गया कि भारतीय कानून में ‘ऑनलाइन अरेस्ट’ या ‘डिजिटल अरेस्ट’ नाम की कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं है। पुलिस, सीबीआई, ईडी, आरबीआई अथवा किसी अन्य सरकारी संस्था के नाम पर आने वाले धमकी भरे फोन, वीडियो कॉल या संदेशों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की जरूरत है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सलाह दी गई कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पिन, पासवर्ड, बैंक खाते की जानकारी या धनराशि साझा न करें। किसी भी संदिग्ध साइबर घटना की स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचना देने के साथ राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सुश्री आस्था गुप्ता, उपप्रधानाचार्या सुश्री संगीता घई एवं कोऑर्डिनेटर सुश्री प्रीति भाटेजा ने साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और समाज को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम बेहद उपयोगी हैं।
एसवीसी को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की ओर से बताया गया कि साइबर सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से बैंक स्तर पर लगातार ऐसे अभियान आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम का संदेश रहा— “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और क्लिक करने से पहले सोचें।”