# चुराह के विकास को मिलेगी नई गति, प्राकृतिक मक्की 50 रुपये प्रति किलो खरीदेगी सरकार : मुख्यमंत्री
**भंजराड़ू में विशाल जनसभा को संबोधित कर मुख्यमंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य और किसानों के हित में गिनाईं सरकार की प्राथमिकताएं**
भंजराड़ू (चुराह)।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चुराह विधानसभा क्षेत्र के भंजराड़ू में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से तीसा स्थित स्कूल को पहले ही सीबीएसई (CBSE) से संबद्ध किया जा चुका है। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध होंगे।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने कहा कि चुराह क्षेत्र में डॉक्टरों की भर्ती की जा रही है, ताकि स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत किया जा सके और लोगों को उपचार के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में न जाना पड़े। इसके अतिरिक्त मेडिकल क्षेत्र में पीजी की सीटें बढ़ाने का लाभ चंबा जिला के लोगों को भी मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने किसानों को राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि प्राकृतिक रूप से उगाई गई मक्की को सरकार 50 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीदेगी। इस पहल से चुराह क्षेत्र के किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा और प्राकृतिक खेती को भी प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने तथा किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर चंबा के विधायक नीरज नैय्यर, पूर्व मंत्री आशा कुमारी, पूर्व विधायक सुरेंद्र भारद्वाज, कांग्रेस नेता यशवंत खन्ना, हिमाचल प्रदेश हज कमेटी के अध्यक्ष दिलदार अली भट्ट सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
#Churah #Bharmour #HimachalPradesh #NaturalFarming #CMHimachalPradesh हिम संदेश CMO Himachal Sukhvinder Singh Sukhu
Saach, Chamba | Nov 4, 2026