हलोनीपुल में थान देवता मेले का दंगल के साथ भव्य समापन, गनी पहलवान ने जीती 51 हजार की माली।
राजगढ़ उपमंडल के हलोनीपुल में तीन दिवसीय प्राचीन थान देवता मेले का समापन भव्य दंगल के साथ हुआ। मुख्य मुकाबले में गनी पहलवान ने सुमित पहलवान को हराकर 51 हजार रुपये की माली अपने नाम की। वहीं कबड्डी में दाहन पंचायत की रूग बखोटा टीम चैंपियन बनी।
हलोनीपुल में आयोजित थान देवता मेले के अंतिम दिन अखाड़े में उत्तरी भारत के नामी पहलवानों ने दमखम दिखाया। 51 हजार रुपये की मुख्य माली के लिए गनी और सुमित पहलवान के बीच जोरदार मुकाबला हुआ, जिसमें गनी पहलवान विजेता रहे।
मेले में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल में दाहन पंचायत की रूग बखोटा टीम ने कोटी बोच को हराकर खिताब अपने नाम किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष चंद्र मोहन ठाकुर ने विजेता खिलाड़ियों और पहलवानों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे मेले हिमाचल की संस्कृति, देव परंपराओं और आपसी भाईचारे के प्रतीक हैं।
उन्होंने हाटी समुदाय से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए कहा कि मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन है और सभी पक्षों के बीच बातचीत व समन्वय से मतभेद दूर करने के प्रयास होने चाहिए।
मेला कमेटी अध्यक्ष सोम ठाकुर ने सभी अतिथियों और लोगों का आभार जताते हुए कहा कि अगले वर्ष भी तीन दिवसीय मेले के साथ ओपन कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसमें विजेता को 51 हजार और उपविजेता को 41 हजार रुपये दिए जाएंगे।
न्यूज टुडे हिमाचल के लिए राजगढ़ से रवि दत्त भारद्वाज की रिपोर्ट।