खेत बचाओ अभियान का समापन समारोह होगा बावल के कृषि महाविद्यालय में
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार।
-मंगलवार 30 जून को आयोजित होने वाले समारोह में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान होंगे मुख्य अतिथि
-मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे समारोह की अध्यक्षता
-केंद्रीय योजना मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा की रहेगी गरिमामयी उपस्थिति
-प्रगतिशील किसानों को किया जाएगा सम्मानित
-बावल की 121 करोड़ रुपए की विकास योजनाओं का किया जाएगा शुभारंभ एवं शिलान्यास
रेवाड़ी, 29 जून।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि महाविद्यालय बावल में 30 जून मंगलवार को सुबह 10 बजे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान खेत बचाओ अभियान के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। इस समारोह में हजारों किसान भाग लेंगे। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समारोह की अध्यक्षता करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय योजना मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, विधायक डा. कृष्ण कुमार व हिसार कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति बलदेव राज कंबोज की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
डीसी अभिषेक मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि भूमि की उर्वरता को बनाए रखने, उत्पादन लागत में कमी लाने, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करने तथा किसानों को वैज्ञानिक व लाभकारी कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केंद्रों के तत्वावधान में खेत बचाओ अभियान एक जून से 30 जून तक चलाया जा रहा है। जिसका समापन समारोह बावल में मंगलवार को सुबह 10 बजे आयोजित किया जाएगा। मुख्य अतिथि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान हरियाणा प्रदेश के लिए एफपीओ मिशन का शुभारंभ करेंगे। इस मिशन का उद्देश्य हरियाणा में कृषि उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को सशक्त बनाकर किसानों की आय को बढ़ाना एवं कृषि विपणन के कार्य को सुगम व सुदृढ़ बनाना है।
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि समारोह में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सबसे पहले यहां बनाई गई चौपाल पर प्रगतिशील किसानों के साथ संवाद करेंगे। इसके पश्चात केंद्रीय कृषि मंत्री हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ पंडाल में लगाई गई कृषि औद्योगिकी प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। प्रदर्शनी में कृषि की नवीनतम तकनीक, उन्नत कृषि यंत्र, प्राकृतिक खेती, मृदा एवं जल संरक्षण, फसल विविधीकरण तथा कृषि एवं किसान कल्याण की योजनाओं को सुसज्जित स्टॉलों पर प्रदर्शित किया जाएगा। समारोह में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान विभिन्न जिलों से आए प्रगतिशील किसानों को सम्मानित करेंगे।
विकास योजनाओं का किया जाएगा शिलान्यास एवं शुभारंभ
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि इस अवसर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बावल विधानसभा क्षेत्र के लिए 121 करोड़ 4 लाख 78 हजार रुपए की विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। इनमें 19 करोड़ 75 लाख 9 हजार रुपए की लागत से बावल में बने राजकीय महिला महाविद्यालय का उद्घाटन किया जाएगा। इसके साथ ही नगर पालिका बावल के 20 करोड़ 29 लाख रुपए की लागत से तैयार हुए पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्पलेक्स का उद्घाटन होगा।
समारोह में आईएमटी बावल के फेज-3 में 31 करोड़ 26 लाख रुपए की लागत से बनने वाले सीसी रोड, एम्स माजरा भालखी के लिए 28 करोड़ 78 लाख 3 हजार रुपए की लागत से बनने वाले नहर आधारित जलघर, 6 करोड़ 60 लाख रुपए की लागत से रांसी माजरी में स्थापित किए जाने वाले 33 के.वी. सब स्टेशन, बिदावास में 8 करोड़ 19 लाख रूपए की लागत से स्थापित होने वाले 33 के.वी. सब स्टेशन, 49 लाख 8 हजार रुपए की लागत से गांव बिशनपुर से गुज्जर माजरी तथा गांव गुर्जरों की ढाणी से पिलियों की ढाणी तक बनने वाले लिंक रोड, 4 करोड़ 57 लाख 58 हजार रुपए की लागत से बाखापुर कसोला गांव में बनने वाली पीएचसी, गांव मन्हेटी और गांव भालखी माजरा में एक करोड़ 11 लाख रुपए की लागत से बनने वाले दो सब हेल्थ सेंटरों की आधारशिला रखी जाएगी।
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि इस विशाल आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समारोह में आने वाले किसानों के लिए पेयजल व अन्य मूलभूत सुविधाओं का पूर्ण प्रबंध जिला प्रशासन की ओर से किया गया है। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा ने बताया कि समारोह के दौरान पुलिस विभाग की पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।
Rewari, Rewari | Jun 29, 2026