#पॉक्सो अधिनियम को लेकर विद्यार्थियों को किया जागरूक
#बलिया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया अनिल कुमार झा के आदेशानुसार सोमवार को सेंट जेवियर्स स्कूल, धरहरा में पॉक्सो अधिनियम-2012 को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल जज (जू.डि.) एफटीसी विवस्वान प्रकाश ने की। उन्होंने प्रातःकालीन सभा में छात्र-छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों और कानूनी अधिकारों की सरल भाषा में जानकारी दी। बच्चों को लैंगिक अपराधों से सुरक्षा, किसी अनुचित घटना की स्थिति में अभिभावक, शिक्षक अथवा सक्षम प्राधिकारी को तत्काल सूचना देने के महत्व के बारे में बताया गया।
इस दौरान विद्यार्थियों को Good Touch और Bad Touch के बारे में भी जागरूक किया गया। बच्चों को अपने शरीर की निजता और व्यक्तिगत सीमाओं के प्रति सजग रहने तथा किसी भी असहज या अनुचित स्पर्श की स्थिति में भयभीत होने के बजाय माता-पिता, अभिभावक या शिक्षक को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार त्रिपाठी, कोऑर्डिनेटर पूनम, उपप्रधानाचार्य राजेश मिश्रा, पैरालीगल वॉलंटियर्स सुरेंद्र प्रसाद एवं बब्बन सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।