यू.पी. टेक्स 2026’ के जरिए वैश्विक मंच पर दिखेगी उत्तर प्रदेश के वस्त्र उद्योग की ताकत
नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन भवन सेक्टर-06, नोएडा में ‘यू.पी. टैक्स-2026’ का कर्टेन रेजर एवं रोड शो सम्पन्न*
नोएडा में जुटे वस्त्र क्षेत्र के उद्यमी, निवेश और निर्यात की संभावनाओं पर हुआ मंथन*
उत्तर प्रदेश में वस्त्र उद्योग के विस्तार को मिलेगी नई दिशा, उद्यमियों ने साझा किए अनुभव*
वस्त्र उद्योग में निवेश, नवाचार और निर्यात को बढ़ावा देने पर जोर*
टेक्सटाइल क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा ‘यू.पी. टेक्स 2026: माननीय मंत्री राकेश सचान*
उत्तर प्रदेश को वैश्विक वस्त्र केंद्र में परिवर्तित किए जाने के उद्देश्य से हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग द्वारा 08 से 09 सितंबर तक लखनऊ में आयोजित होने वाले ‘यू.पी. टेक्स 2026’ के शुभारंभ से पूर्व आज ‘यू.पी. टैक्स-2026’ का कर्टेन रेजर एवं रोड शो आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय मंत्री, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग एवं हथकरघा विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार राकेश सचान, प्रमुख सचिव, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग एवं हथकरघा विभाग, उत्तर प्रदेश अनिल कुमार सागर, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, परिक्षेत्रीय सहायक आयुक्त (हथकरघा), हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग, पश्चिमी क्षेत्र मेरठ/सहारनपुर मंडल अरविंद कुमार सिंह, अध्यक्ष एनएईसी ललित ठुकराल, उपाध्यक्ष एनएईसी नीरज प्रकाश एवं उपाध्यक्ष, आई.आई.ए. राजीव बंसल द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उद्यमियों द्वारा प्रतिभाग किया।
माननीय मंत्री, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग एवं हथकरघा विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार राकेश सचान ने अपने उद्बोधन में उत्तर प्रदेश को वैश्विक टेक्सटाइल हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ‘यू.पी. टेक्स 2026’ के माध्यम से प्रदेश की टेक्सटाइल क्षमता को राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने, उद्यमियों एवं निवेशकों को एक मंच प्रदान करने तथा वस्त्र क्षेत्र में नए अवसरों को बढ़ावा देने का लक्ष्य है। ‘यू.पी. टेक्स 2026’ उत्तर प्रदेश के टेक्सटाइल सेक्टर के विकास को नई गति देने के साथ ही उद्योग जगत के लिए नए अवसरों और संभावनाओं के द्वार खोलेगा।
प्रमुख सचिव, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग एवं हथकरघा विभाग, उत्तर प्रदेश अनिल कुमार सागर ने उद्योग जगत की सहभागिता, निवेश के अवसरों तथा ‘यू.पी. टेक्स 2026’ की रूपरेखा एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
अध्यक्ष एनएईसी ललित ठुकराल ने परिधान, निर्यात एवं वस्त्र क्षेत्र के विकास की संभावनाओं पर अपने विचार व्यक्त किए। उपाध्यक्ष, आई.आई.ए. राजीव बंसल ने अपैरल के क्षेत्र में नोएडा की उपयोगिता एवं संभावनाओं के बारे में जानकारी दी। निदेशक, एसएसजी फर्निशिंग्स लिमिटेड, नोएडा चंद्रभूषण मिश्रा ने होमटेक एवं आईएफआर फैब्रिक तथा उसके उपयोग के संबंध में जानकारी दी। निदेशक, एलीट होम डेकोर अवनीश गौतम ने स्टार्टअप तथा भारतीय होम फर्निशिंग की बढ़ती वैश्विक मांग पर चर्चा की।
कार्यक्रम के अंत में संयोजक एवं सहायक आयुक्त, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग, मेरठ/सहारनपुर मंडल अरविंद कुमार सिंह ने सभी उद्यमियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी उद्यमियों से ‘यू.पी. टेक्स 2026’ में 08 एवं 09 सितम्बर को सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया। साथ ही विभाग द्वारा पंजीकरण की कार्यवाही के लिए पृथक काउंटर की व्यवस्था की गई, जहां उद्यमियों को विभिन्न योजनाओं, निवेश के अवसरों एवं निर्यात संवर्धन से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई।
उन्होंने उद्यमियों से विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं निवेश संबंधी अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर नवीन टेक्सटाइल पॉलिसी-2027 को लेकर भी चर्चा की गई।
सौजन्य से सूचना विभाग गौतमबुद्धनगर।