सिरसा में सफाई कर्मचारियों का मुंडन, डीएमसी ने जारी किए सख्ती के आदेश
सिरसा।
सफाई कर्मचारियों की 30 दिन से जारी हड़ताल के बीच जिला प्रशासन ने अब नगर परिषद और नगर पालिकाओं के अधिकारियों व कर्मचारियों पर भी सख्ती कर दी है। डीएमसी सुरेंद्र सिंह ने आदेश जारी कर स्पष्ट किया है कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी हड़ताल में शामिल नहीं होगा। हड़ताल में भाग लेते पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
आदेश में सभी नगर परिषद व नगर पालिका कार्यालयों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सुनिश्चित करें कि अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय समय में अपनी ड्यूटी पर मौजूद रहें और अपने निर्धारित कार्यों का उचित निर्वहन करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि कोई कर्मचारी हड़ताल में भाग न ले। किसी कर्मचारी के हड़ताल में शामिल होने की जानकारी मिलने पर तत्काल डीएमसी कार्यालय को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब सरकार ने भी सफाई कर्मचारियों को 5 सितंबर तक काम पर लौटने, अन्यथा सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
रोष मार्च के बाद कर्मचारियों ने करवाया मुंडन
सरकारी आदेशों के विरोध में शुक्रवार को सिरसा सहित डबवाली, रानियां और ऐलनाबाद में सफाई कर्मचारियों ने नगर परिषद व नगर पालिका कार्यालय परिसरों से रोष मार्च निकाला। इसके बाद कर्मचारियों ने मुंडन करवाकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार उनकी मांगों को सुनने के बजाय दमनात्मक रवैया अपना रही है।
सफाई कर्मचारी यूनियन के इकाई प्रधान नरेश चौहान ने कहा कि सरकार लाठी-डंडों के बल पर कर्मचारियों की आवाज दबाना चाहती है, लेकिन कर्मचारी डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वे अपने हकों की लड़ाई के लिए धरने पर बैठे हैं और सरकार की ओर से 5 सितंबर तक काम पर लौटने का आदेश जारी किया गया है। अब प्रशासन ने अन्य कर्मचारियों को भी हड़ताल में सहयोग करने से रोकने के लिए सख्ती के आदेश जारी किए हैं।
उन्होंने कहा कि हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों को जिलेभर के अन्य कर्मचारियों का पूरा समर्थन है और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
Sirsa, Sirsa | Sep 4, 2026