दीपावली पर पटाखा विक्रेताओं को सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश, अग्निशमन विभाग ने किया दुकानों का निरीक्षण।
पुरोला (उत्तरकाशी)। दीपावली के त्योहार पर पटाखों की दुकानों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अग्निशमन विभाग अलर्ट हो गया है। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के दिशा-निर्देशों पर अग्निशमन विभाग की टीम ने पुरोला बाजार में संचालित पटाखों की दुकानों का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण अभियान के दौरान टीम ने दुकानों में अग्नि सुरक्षा के इंतजाम, लाइसेंस, अग्निशामक यंत्रों की उपलब्धता और उनकी कार्यशील स्थिति की जांच की। साथ ही दुकानदारों को ज्वलनशील सामग्री सुरक्षित रखने और अग्निशामक यंत्रों को हमेशा चालू हालत में रखने के निर्देश दिए।
टीम ने व्यापारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल फायर स्टेशन को सूचना दें। वहीं आमजन से भी पटाखों का इस्तेमाल सावधानीपूर्वक करने की अपील की गई। विभाग ने लोगों को भीड़भाड़ वाले स्थानों, बिजली के तारों और ज्वलनशील पदार्थों के आसपास पटाखे नहीं जलाने की सलाह दी।
अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। विभाग के अनुसार दीपावली पर्व को सुरक्षित और दुर्घटनारहित बनाने के लिए निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी अग्निशमन बड़कोट सुरत सिंह चौहान, प्रभारी अग्निशमन पुरोला मुन्ना सिंह चौहान, अग्निशमन कर्मी दिनेश, राजीव सेमवाल, सुंदर सिंह नेगी तथा एफएसएसओ प्रशिक्षु अमन और हारुल अहमद मौजूद रहे।
#Purola #Uttarkashi #PahadSandesh #Diwali2026 #DiwaliSafety #FireSafety #FireDepartment #UttarakhandPolice #Patakhe #FireSafetyAwareness #ChanchalSharma
Puraula, Uttarkashi | Nov 7, 2026