पार्षद के अल्टीमेटम के बाद जागा निगम प्रबंधन, समस्याओं का समाधान शुरू ।
19 अक्टूबर को होगी नगर निगम के जनरल हाउस की बैठक, सार्वजनिक शौचालय की मरम्मत और स्ट्रीट लाइट लगाने का काम शुरू ।
धर्मशाला। नगर निगम धर्मशाला के वार्ड नंबर 15 खनियारा में व्याप्त समस्याओं को लेकर पार्षद प्रवीण प्रकाश के अल्टीमेटम के बाद निगम प्रबंधन हरकत में आ गया है। वार्ड की समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्रवाई शुरू हो गई है। नगर निगम ने जहां 19 अक्टूबर को जनरल हाउस की बैठक निर्धारित की है, वहीं वार्ड के खस्ताहाल सार्वजनिक शौचालय की मरम्मत और स्ट्रीट लाइट लगाने का काम भी शुरू कर दिया गया है । दरअसल, वार्ड नंबर 15 खनियारा के पार्षद प्रवीण प्रकाश लंबे समय से वार्ड की विभिन्न समस्याओं को नगर निगम प्रबंधन के समक्ष उठा रहे थे। हालांकि, समस्याओं के समाधान के लिए अपेक्षित कार्रवाई न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और निगम प्रबंधन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया था । पार्षद ने ईमेल के माध्यम से नगर निगम आयुक्त को पत्र भेजकर चेतावनी दी थी कि यदि एक सप्ताह के भीतर वार्ड की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वह निगम कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करने के साथ भूख हड़ताल पर बैठने को मजबूर होंगे । पार्षद के इस कड़े रुख के बाद नगर निगम प्रबंधन ने संबंधित कर्मचारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद शनिवार को निगम के कर्मचारी वार्ड नंबर 15 खनियारा पहुंचे और समस्याओं के समाधान के लिए काम शुरू किया। सार्वजनिक शौचालय की मरम्मत और स्ट्रीट लाइट लगाने की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही वार्डवासियों को समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
एक-दो दिन में ठीक होगा सार्वजनिक शौचालय
उधर, नगर निगम धर्मशाला के संयुक्त आयुक्त चंद्रवीर ने बताया कि सार्वजनिक शौचालय की मरम्मत को लेकर संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अगले एक-दो दिन के भीतर समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।