⬇️पिथौरागढ़ :- क्रिकेटर उन्मुक्त चंद ने पैतृक जमीन पर बनाया खूबसूरत आशियाना, हिमालय की गोद में बसाया अपना घर !⬇️
भारतीय अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम के पूर्व कप्तान और क्रिकेटर उन्मुक्त चंद का उत्तराखंड के पिथौरागढ़ से जुड़ाव एक बार फिर चर्चा में है। उन्मुक्त चंद ने पिथौरागढ़ के बिलौली गांव में अपनी पैतृक जमीन पर एक खूबसूरत मकान तैयार कराया है, जहां से पंचाचूली पर्वतमाला का विहंगम दृश्य दिखाई देता है। करीब दो साल की मेहनत और कई कठिनाइयों के बाद तैयार हुए इस घर की तस्वीरें उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा की हैं।
उन्मुक्त ने अपनी पोस्ट में बताया कि इस घर को तैयार करने में उनके माता-पिता ने दिन-रात मेहनत की। पहाड़ों की कड़ाके की ठंड और तेज धूप के बीच उन्होंने मजदूरों के साथ मिलकर काम किया और इस सपने को साकार किया। उन्मुक्त के मुताबिक यह घर सिर्फ ईंट-पत्थरों से बनी इमारत नहीं, बल्कि उनके पूर्वजों की विरासत, अपनी जड़ों और पहाड़ की संस्कृति से जुड़ाव का प्रतीक है।
उन्होंने इसे अपने बेटे कृषय के लिए भी एक खास तोहफा बताया, ताकि भविष्य में वह शहर की भागदौड़ से दूर अपनी जड़ों और प्रकृति को करीब से महसूस कर सके। अपनी पोस्ट में उन्मुक्त ने गांव के लोगों का भी आभार जताया, जिन्होंने इस दौरान रहने, खाने और निर्माण कार्य में परिवार का सहयोग किया।
उन्होंने पहाड़ों में आपसी भाईचारे और सामुदायिक सहयोग की भावना का जिक्र करते हुए अपने पिथौरागढ़ लौटने और हिमालय की गोद में कुछ समय बिताने की इच्छा भी जाहिर की है।
Pithoragarh, Pithoragarh | Nov 11, 2026