#भरतपुर। वर्ल्ड रिमेम्बर्स डे और राज्य सड़क सुरक्षा दिवस के अवसर पर रविवार को परिवहन विभाग की ओर से विभिन्न जागरूकता एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रादेशिक परिवहन अधिकारी इंदू मीणा ने बताया कि नवंबर के तीसरे रविवार को मनाए जाने वाले इस दिवस की इस वर्ष की थीम 'रिमेम्बर, सपोर्ट एवं एक्ट' रखी गई है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वालों को याद करना और समय पर उपचार के जरिए घायलों की जान बचाने का संदेश देना रहा। अभियान के तहत सुबह 9 बजे आरबीएम अस्पताल के ट्रोमा वार्ड में आयोजित कार्यक्रम में घायलों और उनके परिजनों को फल वितरित किए गए। अधिकारियों ने मरीजों और तीमारदारों को यातायात नियमों के पालन और दुर्घटना के बाद गोल्डन आवर में उपचार के महत्व के प्रति जागरूक किया। इस दौरान सड़क हादसों में घायल लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाने वाले चिकित्सकों और चिकित्सा कर्मियों को सम्मानित कर उनकी सेवाओं के प्रति आभार जताया गया। सुबह के इस आयोजन में प्रशिक्षु जिला परिवहन अधिकारी जितेंद्र कुमार, अतिरिक्त प्रमुख चिकित्सा अधिकारी, सहायक प्रोग्रामर गौरव गर्ग, मनीष शर्मा, कनिष्ठ सहायक अजय शर्मा और कौशलेंद्र सहित चिकित्सा एवं परिवहन विभाग के अन्य कार्मिक मौजूद रहे। इसी क्रम में शाम को जिला परिवहन अधिकारी अभय मुद्गल के निर्देशन एवं परिवहन निरीक्षक देवेंद्र सुंडा के नेतृत्व में शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। यहां परिवहन कर्मियों, वाहन डीलरों के प्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने मोमबत्तियां जलाकर तथा दो मिनट का मौन रखकर सड़क हादसों में मृत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने की शपथ दिलाई गई।
Bharatpur, Bharatpur | Nov 15, 2026