21 जून को पंचकूला में होगा राज्य स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी होंगे मुख्य अतिथि
पंचकूला बनेगा योग का केंद्र, राज्य स्तरीय आयोजन में हर वर्ग की होगी भागीदारी
योग युक्त- नशा मुक्त हरियाणा’ थीम पर सेक्टर-5 परेड ग्राउंड में होगा आयोजन, तैयारियों की समीक्षा बैठक संपन्न
योग की गूंज देशभर में सुनाई दे, इसी लक्ष्य के साथ हो रही तैयारियां: डॉ. जयदीप आर्य
राज्य स्तरीय योग समारोह में विभिन्न देशों के प्रतिभागी भी होंगे शामिल
पंचकूला, 13 जून: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी 21 जून को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस वर्ष राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन “योग युक्त- नशा मुक्त हरियाणा” थीम के तहत किया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए आज लघु सचिवालय के सभागार में उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा तथा हरियाणा योग आयोग के अध्यक्ष डॉ. जयदीप आर्य की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा ने बताया कि राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन हरियाणा योग आयोग एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला प्रशासन के सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु यातायात, पार्किंग तथा सुरक्षा व्यवस्था के लिए अलग-अलग नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। उन्होंने बताया कि बारिश की स्थिति में रेड बिशप स्थित कन्वेंशन सेंटर को वैकल्पिक स्थल के रूप में चिन्हित किया गया है।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों सहित सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उपायुक्त ने बताया कि राज्य स्तरीय कार्यक्रम से पूर्व योग को जन-जन तक पहुंचाने और अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 13 जून तक खंड स्तर पर योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
इसी कड़ी में 15 जून को टाउन पार्क, सेक्टर-5 से ताऊ देवीलाल खेल स्टेडियम तक मैराथन का आयोजन किया जाएगा जिसमें लगभग 2,000 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इसके अतिरिक्त 16 से 18 जून तक परेड ग्राउंड में जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के लिए विशेष योग सत्र आयोजित किए जाएंगे।
हरियाणा योग आयोग के अध्यक्ष डॉ. जयदीप आर्य ने बताया कि राज्य स्तरीय कार्यक्रम में आमजन के साथ-साथ विभिन्न योग संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इनमें पतंजलि योग समिति, भारतीय योग संस्थान, एनर्जेटिक योगा, योग भारती, ब्रह्माकुमारी, विश्वास फाउंडेशन, रोटरी क्लब, भारत विकास परिषद सहित विभिन्न गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) और मार्केट एसोसिएशन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि उद्देश्य यह है कि पंचकूला में आयोजित योग कार्यक्रम की गूंज पूरे देश में सुनाई दे।
उन्होंने बताया कि 21 जून को कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक किया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का लाइव संबोधन भी प्रसारित किया जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री की उपस्थिति में योग प्रशिक्षकों द्वारा कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास करवाया जाएगा।
डॉ. आर्य ने सुझाव दिया कि प्रतिभागियों की सुविधा के लिए जिला स्तर पर मिस्ड कॉल आधारित पंजीकरण सुविधा भी शुरू की जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग कार्यक्रम से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए युवा स्वयंसेवकों की भी सहायता ली जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों के परिणामस्वरूप आज योग को विश्वभर में व्यापक स्वीकार्यता मिली है। इसी का परिणाम है कि पंचकूला में आयोजित होने वाले इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में विभिन्न देशों के 100 से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि योग की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए भविष्य में इसे ओलंपिक एवं कॉमनवेल्थ खेलों में भी स्थान मिल सकता है।
डॉ. आर्य ने बैठक में उपस्थित जापान से आए प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों का परिचय करवाते हुए उनका स्वागत किया। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार शीघ्र ही योग को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने की दिशा में कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि योग के स्वास्थ्य लाभों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से खंड एवं जिला स्तर पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इन कार्यक्रमों में पीजीआई चंडीगढ़ के विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं वक्ताओं द्वारा व्याख्यान दिए जाएंगे।
बैठक में हरियाणा योग आयोग के रजिस्ट्रार श्री राजकुमार वैद्य, अतिरिक्त उपायुक्त निशा यादव, एसडीएम पंचकूला चंद्रकांत कटारिया, एसडीएम कालका संयम गर्ग, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी विशाल पराशर, जिला वन मंडल अधिकारी विशाल कौशिक, जिला शिक्षा अधिकारी संध्या मलिक, सिविल सर्जन कार्यालय से उप सिविल सर्जन डॉ विकास गुप्ता, आयुष विभाग से एडीएओ डॉ. अमित, एएमओ डॉ. विक्रम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।