लापरवाही की इंतहा: कुत्ते के काटने के बाद इलाज में अनदेखी, किशोर में दिखने लगे रेबीज के गंभीर लक्षण
बागपत:जिले के केतीपुरा क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ कुत्ते के काटने के बाद बरती गई लापरवाही एक किशोर के लिए जी का जंजाल बन गई है। समय पर इलाज न मिलने के कारण अब किशोर में रेबीज के खतरनाक लक्षण प्रकट होने लगे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित किशोर इन दिनों केतीपुरा में अपनी बहन के यहाँ रह रहा था। इस दौरान उसे एक कुत्ते ने काट लिया था, लेकिन शुरुआती दौर में इसे सामान्य मानकर पूरी तरह लापरवाही बरती गई और कोई ध्यान नहीं दिया गया।
अस्पताल में पानी से डरने लगा किशोर
स्थिति तब बिगड़ी जब किशोर में रेबीज संक्रमण के लक्षण उभरने लगे। वर्तमान में स्थिति यह है कि अस्पताल के बेड पर लेटे होने के दौरान पानी को देखकर वह बुरी तरह डर रहा है और अजीबोगरीब हरकतें कर रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि रेबीज लाइलाज और जानलेवा बीमारी है, इसलिए कुत्ते या किसी भी जानवर के काटने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क कर एंटी-रेबीज के पूरे टीके लगवाने चाहिए।
Hardoi, Hardoi | Oct 14, 2026