सिल्क्यारा टनल में दर्दनाक हादसा, लाइनिंग का भारी ब्लॉक गिरने से श्रमिक की मौत!!
उत्तरकाशी। चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सिल्क्यारा टनल में गुरुवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। बड़कोट साइड से लगभग 900 मीटर अंदर शॉटक्रीट लाइनिंग का भारी ब्लॉक अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से झारखंड निवासी 21 वर्षीय श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद टनल में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा शॉटक्रीट लाइनिंग का ब्लॉक टूटकर गिरने से हुआ। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
एनएचआईडीसीएल (NHIDCL) ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।
इस हादसे ने एक बार फिर निर्माणाधीन सुरंगों में कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Rudraprayag, Rudraprayag | Jul 16, 2026