चार साल तक घर के आंगन में दफन रहा तीन हत्याओं का राज... जब जमीन खोदी गई तो नीचे से निकले इंसानी कंकाल! गुजरात के सूरत में सामने आए इस सनसनीखेज मामले ने हर किसी को हैरान कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी पर परिवार की तीन महिलाओं की हत्या कर शवों को छिपाने का आरोप है।
मामला सूरत जिले के कोसांबा इलाके के वडफालिया का है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में माधवदास और उसकी पत्नी उर्मिला की भूमिका सामने आई है। आरोप है कि दोनों ने परिवार की तीन महिलाओं की हत्या की और उनकी मौत को बीमारी या कोरोना से हुई मौत बताकर मामले को दबा दिया।
पुलिस के अनुसार, पहली हत्या 25 फरवरी 2022 को हुई। आरोप है कि उर्मिला की बहन भगवतीबेन की तकिए से मुंह दबाकर हत्या की गई। भगवतीबेन पहले से टीबी से पीड़ित थीं, इसलिए उनकी मौत को बीमारी से हुई मौत बताया गया।
इसके बाद 19 जुलाई 2022 को माधवदास की मां मंजुलाबेन की मौत हुई। पुलिस का आरोप है कि पैरालिसिस से पीड़ित मंजुलाबेन का भी दम घोंटा गया और उनकी मौत को बीमारी से जोड़ दिया गया।
तीसरी घटना 7 अक्टूबर 2022 की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, उर्मिला की नानी शांताबेन की भी सोते समय हत्या की गई।
आरोप है कि तीसरी हत्या के बाद शव को ड्रम में रखा गया। उसमें सीमेंट और पानी डालकर उसे सील किया गया और कुछ समय बाद शव को घर के आंगन में करीब चार से पांच फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया गया। इसके ऊपर सीमेंट की मोटी परत डाल दी गई, ताकि किसी को शक न हो।
लेकिन करीब चार साल बाद यह राज उस वक्त खुला, जब पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद हुआ। पुलिस के मुताबिक, माधवदास ने अपनी पत्नी को फंसाने के लिए पुलिस के सामने एक कहानी बताई और शांताबेन की हत्या का आरोप पत्नी और उसके चचेरे भाई पर लगाया।
जांच के दौरान चचेरे भाई की भूमिका सामने नहीं आई। इसके बाद पुलिस का शक माधवदास पर गया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार उसने तीनों हत्याओं में खुद और अपनी पत्नी की संलिप्तता स्वीकार की।
इसके बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस और अहमदाबाद क्राइम ब्रांच की टीम ने घर के आंगन में खुदाई की। सीमेंट की परत हटाकर करीब चार से पांच फीट नीचे खुदाई की गई, जहां से मानव कंकाल बरामद हुए।
पुलिस ने कंकालों को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। अब जांच में यह स्पष्ट किया जा रहा है कि बरामद कंकाल उन्हीं तीन महिलाओं के हैं और इस पूरे मामले में कितने लोग शामिल थे।
चार साल तक जमीन के नीचे दबा यह राज अब सामने आ चुका है और पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
#Surat #Gujarat #SuratCrime #CrimeNews #CrimeStory #MurderCase #TripleMurder #HumanSkeleton #SkeletonFound #सनसनीखेज #हत्या_का_राज #तीन_हत्याएं #इंसानी_कंकाल #चार_साल_पुराना_राज #क्राइम_न्यूज़ #गुजरात_क्राइम #सूरत_क्राइम #BreakingNews #ViralNews #LatestNews #HindiNews #CrimeAlert #PoliceInvestigation #CrimeNewsIndia #ViralPost