*देसी मसाला रेस्टोरेंट का पंजीयन निलंबित, विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से 23 नमूने जांच हेतु संग्रहित*
----
*मानपुर में 25 खाद्य नमूनों की मौके पर जांच, विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*
इंदौर, 16 अक्टूबर 2026
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशन तथा कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन, इंदौर द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, मिलावट पर नियंत्रण रखने तथा आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने संग्रहित किए गए। वहीं, खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कार्रवाई के साथ जनजागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
*देसी मसाला रेस्टोरेंट का पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित*
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा सांची वीनस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (देसी मसाला) रेस्टोरेंट, 39 रेस कोर्स रोड, इंदौर का 11 सितंबर 2026 को निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों के संबंध में प्रतिष्ठान को सुधार सूचना पत्र जारी किया गया था। निर्धारित अवधि में कमियों का संतोषजनक निराकरण नहीं किए जाने तथा प्रस्तुत जवाब एवं दस्तावेजों में भी खाद्य सुरक्षा संबंधी कमियां पाए जाने पर पंजीयन प्राधिकारी श्री मनोज कुमार रघुवंशी द्वारा 15 अक्टूबर 2026 को आदेश जारी कर प्रतिष्ठान का पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में प्रतिष्ठान में खाद्य कारोबार का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
*मानपुर में किराना दुकानों से 10 नमूने संग्रहित*
16 अक्टूबर 2026 को तहसील महू के मानपुर क्षेत्र में विभिन्न किराना दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खुले में धनिया, मिर्च एवं हल्दी की बिक्री पाए जाने पर संबंधित व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा खुले खाद्य पदार्थों की बिक्री से बचने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सुरेश चंद एवं ब्रदर्स किराना दुकान से नमकीन, हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर एवं गुलाब जामुन मिक्स के चार नमूने, माहेश्वरी किराना से गुलाब जामुन मिक्स, खड़ा मसाला, चाय एवं अजवाइन के चार नमूने तथा राजेश किराना, सदर बाजार, मानपुर से घी एवं स्वामीनारायण आटा के दो नमूने संग्रहित किए गए। इस प्रकार कुल 10 नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। इन्हें राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
**गणेश नगर की दुग्ध डेयरियों एवं नौलखा के मेवा प्रतिष्ठान का निरीक्षण*
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 16 अक्टूबर को गणेश नगर स्थित विभिन्न दुग्ध डेयरियों का निरीक्षण किया। इस दौरान सांवरिया डेयरी से दूध, घी एवं पनीर के नमूने, श्री डेयरी से घी का नमूना तथा कृष्णा डेयरी से पनीर का नमूना संग्रहित किया गया। इन प्रतिष्ठानों से कुल पांच नमूने जांच के लिए लिए गए हैं।
इसी दिन नौलखा स्थित नेचुरल मेवा प्रतिष्ठान का निरीक्षण कर बादाम एवं काजू के नमूने भी संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
*ट्रेजर आइलैंड मॉल के फूड कोर्ट में भी कार्रवाई*
15 अक्टूबर 2026 को ट्रेजर आइलैंड मॉल स्थित फूड कोर्ट के सुरुचि फूड्स चटोरी प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई संबंधी कमियां पाए जाने पर सुधार सूचना पत्र जारी करने की कार्रवाई की जा रही है। प्रतिष्ठान से विभिन्न खाद्य पदार्थों के पांच नमूने भी जांच के लिए संग्रहित किए गए हैं। निरीक्षण में सामने आए तथ्यों एवं जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
*चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला से 25 नमूनों की त्वरित जांच*
मानपुर क्षेत्र में विभाग की चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला (मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब) के माध्यम से हल्दी, मिर्च, धनिया, तेल एवं खड़े मसालों सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 25 नमूनों की मौके पर त्वरित जांच की गई। इस पहल का उद्देश्य आमजन एवं खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के प्रति जागरूक करना तथा मिलावट की प्रारंभिक पहचान के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराना है।
*विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*
विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के अवसर पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन, जिला इंदौर द्वारा श्री वैष्णव विद्यापीठ विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, आमजन तथा द वेल्वेट कोटयार्ड के कर्मचारियों के लिए खाद्य सुरक्षा एवं मिलावट के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से सुरक्षित खान-पान, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा मिलावट से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
श्री वैष्णव विद्यापीठ विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यशाला में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री मनीष स्वामी ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से सही खान-पान, घर में खाद्य सुरक्षा बनाए रखने के उपायों तथा दैनिक जीवन में खाद्य सुरक्षा के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने खाद्य पदार्थों के सुरक्षित चयन, उचित भंडारण, स्वच्छता तथा भोजन को सुरक्षित तरीके से तैयार करने और सेवन करने संबंधी महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला। साथ ही, स्वस्थ जीवनशैली के लिए सुरक्षित एवं संतुलित खान-पान की आदतें अपनाने का संदेश दिया।
कार्यशाला में दूध, तेल, मसाले एवं मिठाई सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों में होने वाली मिलावट, उसकी प्रारंभिक पहचान के सरल तरीकों तथा मिलावटी खाद्य पदार्थों के सेवन से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी भी दी गई। प्रतिभागियों को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का चयन करने के लिए प्रेरित किया गया।
*‘हर लेबल कुछ कहता है’ पहल के तहत पैक्ड खाद्य पदार्थों के लेबल पढ़ने की दी जानकारी*
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) की पहल ‘हर लेबल कुछ कहता है’ के अंतर्गत पैक्ड खाद्य पदार्थों के लेबल को पढ़ने और समझने के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। प्रतिभागियों को खाद्य सामग्री खरीदते समय निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि, सामग्री विवरण (इंग्रेडिएंट्स), पोषण संबंधी जानकारी तथा अन्य आवश्यक विवरणों को ध्यानपूर्वक पढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। इससे उपभोक्ता खाद्य पदार्थों से संबंधित जानकारी के आधार पर सुरक्षित एवं उचित विकल्प चुन सकेंगे।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा संचालित निरीक्षण, नमूना संग्रहण, त्वरित परीक्षण एवं जनजागरूकता गतिविधियों का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना, खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन कराना तथा मिलावट पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जनस्वास्थ्य की रक्षा और आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई एवं जागरूकता गतिविधियां निरंतर जारी रहेंगी।
#JansamparkMP #indore #इंदौर #FoodSafety #खाद्य_सुरक्षा
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Food Safety and Standards Authority of India
Indore, Madhya Pradesh | Oct 16, 2026