सीडीएलयू के कुलपति डॉ. विजय कुमार को जीजेयू के कुलपति पद का अतिरिक्त कार्यभार
हिसार/चंडीगढ़।
हरियाणा के राज्यपाल एवं गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJUST), हिसार के कुलाधिपति प्रो. आशीम कुमार घोष ने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी करते हुए चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के कुलपति डॉ. विजय कुमार को गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार के कुलपति पद का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। हरियाणा लोक भवन से जारी अधिसूचना के अनुसार यह व्यवस्था नियमित कुलपति के चयन एवं नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी होने तक प्रभावी रहेगी। आदेश के साथ ही GJUST के वर्तमान कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई को उक्त पद से तत्काल प्रभाव से मुक्त कर दिया गया है। राज्यपाल द्वारा यह निर्णय हरियाणा सरकार की सिफारिश/सलाह के बाद लिया गया है। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि डॉ. विजय कुमार अपने वर्तमान दायित्व के साथ GJUST के कुलपति का अतिरिक्त कार्यभार संभालेंगे। सरकार के इस फैसले से विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कामकाज में निरंतरता बनाए रखने का रास्ता साफ हुआ है। नियमित कुलपति की नियुक्ति होने तक डॉ. विजय कुमार दोनों विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारियां संभालेंगे।
Sirsa, Sirsa | Aug 29, 2026