डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन एवं दलहन आत्मनिर्भरता मिशन की जिला पदाधिकारी ने की समीक्षा; फार्मर रजिस्ट्री, लंबित परिमार्जन एवं दलहन विस्तार को लेकर दिए समयबद्ध निर्देश
आज दिनांक 08 अगस्त, 2026 को जिला पदाधिकारी, जहानाबाद छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में कृषि विभाग की महत्वपूर्ण योजनाओं Agri Stack under Digital Agriculture Mission एवं Mission for Aatmanirbharta in Pulses की प्रगति की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्री के शत-प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति पर विशेष जोर देते हुए बताया कि जिले में कुल निर्धारित 47,499 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री हेतु दिनांक 10 एवं 11 अगस्त, 2026 को मेगा कैंप आयोजित करने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने जिला कृषि पदाधिकारी को सभी लंबित परिमार्जन आवेदनों की सूची संकलित कर निष्पादन हेतु अपर समाहर्ता को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने अपर समाहर्ता (राजस्व) को निर्देश दिया कि लंबित परिमार्जन मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए संबंधित अंचल अधिकारियों के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर उनका निष्पादन सुनिश्चित कराया जाए।
डिजिटल क्रॉप सर्वे की समीक्षा के क्रम में बताया गया कि वर्तमान में जिले के लगभग 528 ग्रामों में 13 अगस्त, 2026 से सर्वे का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है तथा छूटे हुए 100 ग्रामों को भी डिजिटल क्रॉप सर्वे में सम्मिलित करने हेतु अपर समाहर्ता (राजस्व) को अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही डिजिटल क्रॉप सर्वे के कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने हेतु जिला कृषि पदाधिकारी, जहानाबाद को निर्देशित किया गया।
Mission for Aatmanirbharta in Pulses की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने जिले में 05 क्लस्टर चिह्नित कर दलहन क्षेत्र के विस्तार हेतु कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया, जिससे जिले में दलहन उत्पादन को बढ़ावा देते हुए अधिक से अधिक किसानों को लाभान्वित किया जा सके।
जिला पदाधिकारी ने Agri Stack under Digital Agriculture Mission एवं Mission for Aatmanirbharta in Pulses से संबंधित सभी आवश्यक बिंदुओं एवं तैयारियों को 10 अगस्त, 2026 तक पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्य एवं समय-सीमा के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने को कहा।
उक्त बैठक में अपर समाहर्ता राजस्व, भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला कृषि पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।