एसआईयू चंबा की बड़ी कार्रवाई, 5.86 ग्राम चिट्टा/हेरोइन के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
चंबा, 18 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (एसआईयू) चंबा को एक और सफलता हाथ लगी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज काली माता मंदिर के समीप परेल पुल के पास, मुख्य मार्ग पर परेल से सरोल-भद्रम की ओर नियमित गश्त के दौरान पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 5.86 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनोज कुमार पुत्र स्वर्गीय सुरेश कुमार, निवासी गांव हरिपुर, डाकघर सरोल, तहसील व जिला चंबा, उम्र लगभग 40 वर्ष तथा अजीत कुमार पुत्र योग राज, निवासी गांव हरिपुर, डाकघर सरोल, तहसील व जिला चंबा, उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे गहन पूछताछ की जा रही है ताकि नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।
पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने इस सारे मामले की पुष्टि करते हुए ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और इस तरह की कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।
पुलिस अधीक्षक ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की नशा संबंधित गतिविधियों की जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके।
Chamba, Chamba | Jul 18, 2026