कलेक्ट्रेट में EOW का छापा, तहसीलदार का रीडर 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
ग्वालियर/ गुरुवार को ग्वालियर कलेक्ट्रेट में उस समय हड़कंप मच गया जब आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की टीम ने अचानक छापा मार कार्रवाई की। टीम ने नायब तहसीलदार वृत्त गोशपुरा डॉ. रमाशंकर सिंह के कार्यालय में दबिश देकर रीडर अनिल कुडबाडिया (कुटवारिया) को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, फरियादी जितेंद्र पांडे अपने भूखंड के नामांतरण (नामांतरण प्रकरण) के लिए पिछले करीब एक वर्ष से कार्यालय के चक्कर काट रहा था। आरोप है कि नामांतरण की प्रक्रिया पूरी कराने के एवज में रीडर अनिल कुडबाडिया ने 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
पीड़ित ने मामले की शिकायत EOW से की, जिसके बाद टीम ने शिकायत का सत्यापन कर ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। गुरुवार को जैसे ही आरोपी ने फरियादी से 20 हजार रुपये लिए, EOW की टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे प्रशासनिक अमले में सनसनी फैल गई। EOW की टीम मौके पर आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
#Gwalior #EOWRaid #BriberyCase #Corruption #GwaliorCollectorate