20 साल बाद फिर बहेगा जीवनदायिनी जल ,
- बंधली नाडा पेयजल योजना होगी पुनः शुरू
-500 से अधिक लोगों को मिलेगी राहत
बीकानेर । बीकानेर जिले की श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र में बज्जू तहसील की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए करीब 20 वर्षों से बंद पड़ी बंधली नाडा पीएचईडी पेयजल योजना को पुनः शुरू कराने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। वर्ष 1984 में निर्मित यह योजना वर्ष 2005 के आसपास बंधली माइनर से आने वाली फीडिंग लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण बंद हो गई थी, जिसके बाद क्षेत्र के लोगों को लंबे समय तक पेयजल संकट का सामना करना पड़ा।
कोलायत के स्थानीय बीजेपी विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने रविवार को बताया कि जनहित को सर्वोपरि मानते हुए इस लंबे समय से लंबित समस्या के समाधान के लिए इंदिरा गांधी नहर परियोजना (आईजीएनपी) के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) को 2 जीएम से योजना की जल फीडिंग पुनः प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए हैं।
*उन्होंने कहा कि योजना के पुनः* संचालित होने से बंधली नाडा क्षेत्र के लगभग 100 परिवारों के 500 से अधिक लोगों को स्थायी रूप से पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही वर्षों से बंद पड़ी इस योजना को नया जीवन मिलेगा और क्षेत्रवासियों को पेयजल संकट से बड़ी राहत मिलेगी।
क्षेत्र के लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि शीघ्र ही योजना पुनः चालू होने से उन्हें नियमित एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।