समाहरणालय, शेखपुरा
(जन सम्पर्क शाखा)
प्रेस विज्ञप्ति : 375
दिनांक : 10.07.2026
पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा, लंबित ऋण आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश
शेखपुरा, 10 जुलाई 2026।
उप विकास आयुक्त, शेखपुरा की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत जिले में घरों पर सोलर रूफटॉप स्थापित करने की प्रगति की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, सूचना प्रौद्योगिकी प्रबंधक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने योजना के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी बैंक अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के तहत प्राप्त सभी ऋण (लोन) आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों के आवेदनों पर शीघ्र ऋण स्वीकृति प्रदान कर सोलर रूफटॉप स्थापना की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक समय पर पहुँच सके।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य आम नागरिकों को स्वच्छ, सस्ती एवं सतत ऊर्जा उपलब्ध कराना तथा बिजली व्यय में कमी लाना है। इसलिए ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं त्वरित बनाया जाए। उन्होंने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिया कि लाभुकों से अनावश्यक दस्तावेजों की मांग न की जाए तथा सभी औपचारिकताएँ निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण की जाएँ।
उन्होंने संबंधित विभागों एवं बैंक अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर योजना के प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन के लिए गंभीरता से कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने तथा नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करते रहने पर भी बल दिया, ताकि जिले में योजना के लक्ष्य समयबद्ध रूप से प्राप्त किए जा सकें।
*जिला जन सम्पर्क कार्यालय, शेखपुरा*
Information & Public Relations Department, Government of Bihar District Administration Sheikhpura
5 views | Sheikhpura, Bihar | Jul 10, 2026