समाहरणालय,शेखपुरा
(जन सम्पर्क शाखा)
प्रेस विज्ञप्ति 392, दिनांक 16.07.2026
*****************************
* माय भारत पोर्टल से संबंधित बैठक संपन्न, युवाओं के अधिकाधिक पंजीकरण पर दिया गया बल*
****************************
आज दिनांक 16.07.2026 को श्री शेखर आनंद, जिला पदाधिकारी शेखपुरा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित मंथन सभागार, शेखपुरा में माय भारत (MY Bharat) जिला सलाहकार समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले में माय भारत पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन, युवाओं की सहभागिता बढ़ाने तथा विभिन्न गतिविधियों के सफल संचालन को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
जिला पदाधिकारी द्वारा बताया गया की बैठक में माय भारत पोर्टल पर अधिकतम संख्या में युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। सभी संबंधित विभागों एवं शैक्षणिक संस्थानों को युवाओं को पोर्टल से जोड़ने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने तथा लक्ष्य के अनुरूप पंजीकरण कराने का निर्देश दिया गया।
साथ ही जिले के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी कार्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में माय भारत के नोडल पदाधिकारियों एवं कैंपस एम्बेसडरों के नामांकन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने पर निर्देश दिया गया, ताकि संस्थागत स्तर पर युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में युवा क्लब विकास समिति (YCDC) के गठन तथा सभी युवा क्लबों का माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराने की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अधिक से अधिक युवा क्लबों को पोर्टल से जोड़कर उन्हें विभिन्न सामाजिक एवं विकासात्मक गतिविधियों में सहभागी बनाया जाए।
बैठक में यह भी बताया गया की सम्बन्धित विभागों के समन्वय से अनुभवात्मक अधिगम कार्यक्रम (Experiential Learning Program) का नियमित संचालन किया जाएगा, जिससे युवाओं को व्यवहारिक ज्ञान एवं कौशल विकसित करने का अवसर प्राप्त हो सके।
इसके अतिरिक्त माय भारत, शेखपुरा के सुचारु संचालन हेतु किसी सरकारी भवन में किराया-मुक्त कार्यालय उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया तथा आवश्यक कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।
बैठक के अंत में सभी संबंधित विभागों एवं संस्थानों से आपसी समन्वय स्थापित कर माय भारत कार्यक्रम को जिले में सफल बनाने तथा अधिकाधिक युवाओं को इससे जोड़ने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर सभी कॉलेज के प्राचार्य, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला उद्योग पदाधिकारी एवं अन्य सम्बन्धित पदाधिकारी उपस्थित थे।
डी॰पी॰आर॰ओ॰,*
*शेखपुरा।*
Information & Public Relations Department, Government of Bihar District Administration Sheikhpura
2 views | Sheikhpura, Bihar | Jul 16, 2026