*सुरसंड की ऐतिहासिक दुर्गा पूजा का दिखेगा भव्य स्वरूप, 21 हजार से अधिक कन्याएं निकालेंगी कलश शोभायात्रा*
*नौ स्वरूपों के साथ भारत माता के रूप में भी कन्याओं को दिया गया निमंत्रण, पूजक सह नगर पंचायत अध्यक्ष पप्पू कुमार चौधरी ने संभाली कमान*
सुरसंड। ऐतिहासिक दुर्गा पूजा को लेकर सुरसंड में तैयारियां अब जोर पकड़ने लगी हैं। बुधवार को दुर्गा पूजा समिति की ओर से आयोजित विशेष कार्यक्रम में भगवती के नौ स्वरूपों के प्रतीक के रूप में कुंवारी कन्याओं को विधिवत निमंत्रण दिया गया। इस पूरे कार्यक्रम का नेतृत्व पूजक सह नगर पंचायत अध्यक्ष पप्पू कुमार चौधरी ने किया।
इस वर्ष आयोजन को और भव्य स्वरूप देने के उद्देश्य से माता के नौ स्वरूपों के अलावा भारत माता के रूप में भी कुंवारी कन्याओं को निमंत्रण दिया गया। निमंत्रण कार्यक्रम के दौरान पप्पू कुमार चौधरी ने उपस्थित माताओं से आशीर्वाद प्राप्त किया और ऐतिहासिक पूजा आयोजन की सफलता के लिए सहयोग की अपील की।
मालूम हो कि सुरसंड की ऐतिहासिक दुर्गा पूजा में नवरात्र के प्रथम दिन भव्य कलश शोभायात्रा निकाली जाती है। इस दौरान माता के नौ स्वरूपों को आकर्षक रथ पर विराजमान कर पूरे नगर का भ्रमण कराया जाता है। शोभायात्रा में 21 हजार से अधिक कुंवारी कन्याओं के शामिल होने की परंपरा रही है, जिससे पूरा सुरसंड भक्तिमय वातावरण में डूब जाता है।
कलश शोभायात्रा को लेकर पूजा समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कन्याओं को निमंत्रण देने के साथ-साथ रथ, पूजा स्थल, शोभायात्रा मार्ग, श्रद्धालुओं की सुविधा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की कवायद शुरू हो गई है। समिति को इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में पूजा समिति के अध्यक्ष महंत शोभा दास, उपाध्यक्ष रामसोगारथ पासवान, सचिव अशोक चौधरी, उपसचिव संगीता देवी, कोषाध्यक्ष प्रहलाद कुमार सुमन, सहित समिति के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
सुरसंड की धरती पर नवरात्र के प्रथम दिन निकलने वाली यह विशाल कलश शोभायात्रा धार्मिक आस्था, परंपरा और सामाजिक एकजुटता का अद्भुत संगम मानी जाती है।