दशहरे पर बुराई के प्रतीक रावण के पुतले का दहन पारंपरिक भव्य आयोजनों के बीच किया गया। पडरौना राजघराने द्वारा नगर के रामलीला मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में आतिशबाजी के बीच रावण दहन हुआ, जिसके गवाह नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए हजारों लोग बने।
मंगलवार को आयोजित इस भव्य मेले में अपार जनसैलाब उमड़ा। नगर के साथ-साथ आसपास के आठ-दस किलोमीटर क्षेत्र से बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और बच्चे मेले का आनंद लेने पहुंचे। मेले में खान-पान के स्टॉलों पर भारी भीड़ दिखी, वहीं बच्चे प्लास्टिक के खिलौने खरीदने के लिए उत्साहित नजर आए।
मेले का सबसे बड़ा आकर्षण रावण दहन का कार्यक्रम था। जैसे ही सूर्यास्त का समय हुआ आयोजकों द्वारा आसमान में कई रंग-बिरंगे कागज के गुब्बारे छोड़े गए। लोग टकटकी लगाए अपने मोबाइल कैमरों में इस सुंदर दृश्य को कैद करते दिखे। रावण दहन के साथ ही देर तक हुई आतिशबाजी का लोगों ने जमकर आनंद लिया। इस दौरान राज्यसभा सांसद आरपीएन सिंह, सदर विधायक मनीष जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय,विशुनपुरा ब्लॉक प्रमुख विंध्यवासिनी श्रीवास्तव, विहिम प्रदेश उपाध्यक्ष राजन जायसवाल, गुड्डू मल्ल, शमशेर मल्ल सहित हजारों लोग उपस्थित रहे।
#KushinagarNews #padraunakushinagar RPN Singh Manish Jaiswal Rajan Jaiswal