ओसियां SBI बैंक में भीषण आग, कांस्टेबल ने जान की परवाह किए बिना अंदर घुसकर बुझाई
समय पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड, करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
ओसियां। कस्बे के मुख्य बाजार रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की ओसियां शाखा में शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे अचानक आग लग गई। बैंक से धुआं उठता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। पुलिस, फायर ब्रिगेड कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से करीब 3 बजे आग पर काबू पा लिया गया।
आग की सूचना मिलते ही ओसियां सीओ सहित पुलिस जाप्ता तत्काल मौके पर पहुंचा। ओसियां से फायर ब्रिगेड भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।
कांस्टेबल भाकरराम ने दिखाई हिम्मत
आग बुझाने के दौरान थाना ओसियां के कांस्टेबल भाकरराम नंबर 779 ने साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। आग की स्थिति के बीच वह बैंक भवन के अंदर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। उनके इस साहसिक कदम की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की।
एसी में शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण एसी में शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। हालांकि आग से बैंक में कितना नुकसान हुआ और आग लगने का वास्तविक कारण क्या था, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
समय पर पुलिस और फायर ब्रिगेड के पहुंचने तथा स्थानीय लोगों की मदद से आग पर जल्द नियंत्रण पा लिया गया। इससे आग के आसपास के हिस्सों में फैलने की आशंका टल गई। घटना के दौरान सीओ ओसियां और थाना पुलिस का स्टाफ मौके पर मौजूद रहा।
Osian, Jodhpur | Aug 28, 2026