भूमि विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट, महिला एवं बच्चे समेत कई लोग लहूलुहान
भभुआ नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या-11 स्थित जायका गली में पूर्व से चल रहे घर के बंटवारे के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल भभुआ में भर्ती कराया गया है।
घायलों में एक पक्ष से आकृति देवी पति अजित कुमार केसरी, पुत्र रूद्र कुमार, देवर सतीश कुमार केसरी पिता विनोद कुमार केसरी शामिल हैं। तो वहीं दूसरे पक्ष से बबलू कुमार केसरी (पिता-विनोद प्रसाद केसरी) एवं उनका 14 वर्षीय पुत्र कृष्णा कुमार केसरी घायल हो गए।
बताया जाता है कि दोनों पक्षों के बीच घर के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। इसी विवाद को लेकर पूर्व में भी मारपीट की घटना हो चुकी है, जिसका मामला भभुआ थाना में दर्ज है। बुधवार को एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया। मारपीट में दोनों पक्ष के लोग खून से लहूलुहान हो गए
घटना की सूचना मिलते ही भभुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा दोनों पक्षों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।