समाहरणालय, मधेपुरा
जिला जनसंपर्क कार्यालय, मधेपुरा
*प्रेस विज्ञप्ति*
दिनांक: 21 अक्टूबर 2026
*रावण दहन स्थलों का डीएम एवं एसपी ने किया संयुक्त निरीक्षण*
*सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण एवं अग्निशमन व्यवस्था सुदृढ़ रखने का निर्देश; शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन के लिए जिला प्रशासन मुस्तैद*
मधेपुरा, 21 अक्टूबर 2026। विजयादशमी के अवसर पर आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रम को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, मधेपुरा श्री अभिषेक रंजन एवं पुलिस अधीक्षक, मधेपुरा संदीप सिंह ने आज संयुक्त रूप से रेलवे स्टेशन स्थित दुर्गा मंदिर तथा गौशाला स्थित दुर्गा मंदिर के समीप रावण दहन स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं आवश्यक नागरिक सुविधाओं की तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने रावण दहन स्थलों पर पर्याप्त साफ-सफाई, सुदृढ़ बैरिकेडिंग एवं समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। भीड़ के व्यवस्थित आवागमन तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने को कहा गया।
आगजनी अथवा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन वाहन, एम्बुलेंस एवं चिकित्सा दल को आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही, विद्युत विभाग को जर्जर विद्युत तारों की जांच कर उन्हें तत्काल दुरुस्त करने तथा संबंधित क्षेत्रों में विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया। असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने एवं संवेदनशील स्थलों पर सघन गश्ती करने के भी निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। दुर्गा पूजा एवं रावण दहन कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सतर्कतापूर्वक कार्य करना होगा।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से *अपील* की है कि वे पर्व के दौरान शांति एवं सद्भाव बनाए रखें, किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी संदिग्ध गतिविधि अथवा समस्या की सूचना तत्काल प्रशासन या पुलिस को दें। प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करें।
जिला जनसंपर्क कार्यालय, मधेपुरा
जनहित में जारी
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
4 views | Madhepura, Bihar | Oct 21, 2026