*सदर अस्पताल गंगवाड़ा में द्वितीय चरण की स्वास्थ्य सेवाओं का शुभारंभ*
*आईपीडी, इमरजेंसी, आईसीयू एवं 24 घंटे प्रसव सेवा सहित छह विभागों की सेवाएं शुरू*
*अगले सप्ताह से ऑपरेशन की सुविधा भी होगी उपलब्ध : जिलाधिकारी*
दरभंगा, 08 अक्टूबर 2026:-
सदर अस्पताल, गंगवाड़ा में द्वितीय चरण के अंतर्गत आईपीडी, इमरजेंसी सेवा, आईसीयू तथा 24 घंटे प्रसव सेवा सहित विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं का आज शुभारंभ किया गया।
जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार,सहायक समाहर्ता श्रीमती कल्पना रावत एवं सिविल सर्जन डॉ.अरुण कुमार ने फीता काटकर द्वितीय चरण की सेवाओं का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने सदर अस्पताल गंगवाड़ा के विभिन्न वार्डों एवं चिकित्सा कक्षों का भ्रमण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया।
उन्होंने अस्पताल में स्थापित अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों एवं मशीनों के संबंध में उपस्थित चिकित्सकों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा सभी उपकरणों को मरीजों के उपचार में प्रभावी रूप से उपयोग करने का निर्देश दिया।
प्रभारी उपाधीक्षक सदर अस्पताल गंगवाड़ा-सह-स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुप्रिया नारायण ने जिलाधिकारी को बताया कि अस्पताल में उपलब्ध सभी प्रमुख चिकित्सा मशीनें एवं उपकरण क्रियाशील हैं तथा मरीजों के उपचार के दौरान इनका उपयोग किया जाएगा।
इस अवसर पर संवाददाताओं को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने कहा कि 29 सितंबर को सदर अस्पताल गंगवाड़ा में ओपीडी सेवा का शुभारंभ किया गया था। इसके बाद प्रतिदिन लगभग 150 से 200 मरीज अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज द्वितीय चरण में छह महत्वपूर्ण विभागों एवं सेवाओं का शुभारंभ किया गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर एवं सुलभ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि सदर अस्पताल गंगवाड़ा में मरीजों को अधिक से अधिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार कार्य किया जा रहा है। अगले सप्ताह तक अस्पताल में ऑपरेशन की सुविधा का संचालन हेतु सिविल सर्जन को निर्देशित किया।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो जाने से आसपास के लोगों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर स्वास्थ्य सेवा प्राप्त होगी तथा डीएमसीएच पर मरीजों का दबाव भी कम करने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल गंगवाड़ा का स्थान हाईवे के समीप होने के कारण मरीजों के लिए यहां पहुंचना भी काफी सुगम है। आपातकालीन स्थिति में आसपास के क्षेत्रों के लोगों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में यह अस्पताल महत्वपूर्ण होगा।
जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि सदर अस्पताल गंगवाड़ा में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाएं तथा आवश्यकता पड़ने पर यहां आकर अपना उपचार कराएं।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य जिले के लोगों को उनके निकट बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर प्रभारी उपाधीक्षक सदर अस्पताल गंगवाड़ा-सह-स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुप्रिया नारायण ने बताया कि आज अस्पताल में छह विभागों एवं महत्वपूर्ण सेवाओं का संचालन प्रारंभ किया गया है। इनमें सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, डेंटल, दवा सेवा सहित अन्य आवश्यक चिकित्सा सेवाएं शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि आज से विभिन्न प्रकार की इमरजेंसी सेवाएं भी प्रारंभ कर दी गई हैं। साथ ही अस्पताल में प्रसव कक्ष की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे गर्भवती महिलाओं को 24 घंटे प्रसव संबंधी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों एवं संसाधनों को मरीजों के उपचार में उपयोग किया जा रहा है तथा चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम द्वारा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने के लिए कार्य किया जा रहा है।
सदर अस्पताल गंगवाड़ा में द्वितीय चरण की सेवाओं के शुभारंभ से क्षेत्र के लोगों को अब ओपीडी के साथ-साथ भर्ती, आपातकालीन उपचार, प्रसव, सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, डेंटल एवं अन्य आवश्यक चिकित्सा सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी। इससे आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलने के साथ-साथ गंभीर एवं आपातकालीन मामलों में त्वरित उपचार सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ.अरुण कुमार, प्रभारी उपाधीक्षक सदर अस्पताल गंगवाड़ा-सह-स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुप्रिया नारायण, डीपीएम स्वास्थ्य श्री प्रभात कुमार राजू, जिला जन संपर्क पदाधिकारी श्री आशीष अमन, डीसीएम श्री रवि कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी, चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।
5 views | Darbhanga, Bihar | Oct 8, 2026