कार्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर दिया स्वच्छता एवं सेवा का संदेश
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर आज 2 अक्टूबर को कार्यालय वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, विकासखंड सागर में स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत स्वच्छता एवं सेवा संकल्प पखवाड़ा आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कार्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई तथा स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वतंत्रता संग्राम में महात्मा गांधी जी के अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए उनके सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सेवा के विचारों को अपने जीवन एवं कार्य व्यवहार में अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी जी ने स्वच्छता को केवल व्यक्तिगत आदत नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी माना था। उनके स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। स्वच्छ कार्यालय, स्वच्छ परिसर और स्वच्छ परिवेश न केवल बेहतर वातावरण का निर्माण करते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान कार्यालय की स्वच्छता व्यवस्था एवं साफ-सफाई में निरंतर सहयोग प्रदान करने वाले स्वच्छता मित्र श्री दीपक कुमार रैकवार एवं श्री कमलेश का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया गया। अधिकारियों द्वारा उनके योगदान की सराहना करते हुए स्वच्छता कार्य में इसी प्रकार निरंतर सहयोग प्रदान करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्री अनिल राय, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री कुलदीप क्रिश्चियन, कृषि विस्तार अधिकारी श्री राघवेंद्र सिंह, श्री शिवकांत सिंह एवं श्रीमती प्रियंका नरवरिया सहित कार्यालयीन अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने “स्वच्छ कार्यालय, स्वच्छ परिसर और स्वच्छ समाज” के संकल्प के साथ स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
#jansamparkMP #sagar
Sagar, Madhya Pradesh | Oct 2, 2026