छठ घाटों का डीएम, एसएसपी और नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व सुविधाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश
मुजफ्फरपुर। छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी कुमार गौरव, वरीय पुलिस अधीक्षक एवं नगर आयुक्त ने वरीय अधिकारियों के साथ सिकंदरपुर सीढ़ी घाट, आश्रम घाट, साहू पोखर समेत शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाटों पर चल रही तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान छठव्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए घाटों पर शौचालय, पेयजल, चेंजिंग रूम, पर्याप्त रोशनी और कंट्रोल रूम की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों की तैनाती, भीड़ नियंत्रण, मजबूत सुरक्षा व्यवस्था और सुचारू यातायात प्रबंधन के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस दौरान महापौर के साथ पूजा आयोजन समितियों के प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों से भी संवाद किया गया। अधिकारियों ने उनके सुझाव और फीडबैक लेकर व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से काम पूरा करने तथा छठ महापर्व को पूरी तरह दुर्घटनारहित बनाने का निर्देश दिया।
प्रशासन ने आम लोगों से आपदा प्रबंधन विभाग, ऊर्जा विभाग और जिला प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने तथा किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क:
* डायल 112
* आईसीसीसी कंट्रोल रूम: 0621-2100077
* जिला आपातकालीन संचालन केंद्र: 0621-2212007
* मोबाइल: 8544010249
* राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र: 0612-2294204/205
* आपदा सहायता नंबर: 1070
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षित तरीके से छठ महापर्व मनाएं और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें।
Musahri, Muzaffarpur | Nov 11, 2026