सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और रात्रि गश्त के तमाम दावों की धज्जियां उड़ गई हैं। मोतीपुर में ग्रामीण बैंक कियोस्क संचालक सुरेश महाजन के घर बेखौफ चोरों ने कच्ची दीवार में सेंधमारी की और करीब 4 लाख रुपये के नकदी व अन्य सामान समेटकर आराम से फरार हो गए। पुलिसिया चौकसी का आलम यह है कि चोरों के मन में खाकी का रत्ती भर खौफ नहीं दिखा; वे घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर (DVR) तक उखाड़ कर ले गए ताकि कोई सबूत न बचे। जब रक्षक ही गहरी नींद में सोएंगे, तो अपराधियों के हौसले बुलंद होना लाजिमी है।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का सीधा आरोप है कि इलाके में पुलिस की रात्रि गश्त सिर्फ कागजों और फाइलों तक सीमित है, जमीन पर सुरक्षा के नाम पर शून्य सन्नाटा पसरा रहता है। थाने के चंद फासले पर चोर सेंध लगाकर तांडव मचाते रहे और पुलिस हमेशा की तरह लकीर पीटने और औपचारिक जांच का राग अलापने में जुटी है। अब देखना यह है कि कुंभकर्णी नींद से जागकर दरिमा पुलिस इन शातिर चोरों को सलाखों के पीछे भेज पाती है या फिर यह मामला भी ठंडे बस्ते के हवाले हो जाएगा।
#AmbikapurCrime #SurgujaPolice #DarimaThana #ChoriKiVardat #PoliceFail #LawAndOrder #ChhattisgarhNews #PublicOutrage #FatafatNews