दीपकों और रंगीन लाइटों से जगमगाया जालोर, बाजारों में दिनभर रही रौनकः घरों में लक्ष्मी-गणेश की पूजा की, बच्चों ने फुलझड़ियां जलाकर मनाई दीपावली। जालोर शहर में दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से देर शाम तक बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ रही। लोगों ने मिठाइयां, कपड़े, पूजा सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू सामान खरीदे। शाम को शुभ मुहूर्त में घरों, दुकानों और मंदिरों में माता लक्ष्मी व भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की गई। दीपावली पर शहर के प्रमुख बाजारों, रास्तों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया। घरों के आंगन और दरवाजों पर महिलाओं व बालिकाओं ने रंगोली बनाई और दीपक जलाए। मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, कार और बाइक शोरूम भी रोशनी से जगमगाते नजर आए। पूजा के बाद बच्चों ने फुलझड़ियां जलाकर और पटाखे छोड़कर त्योहार मनाया। शहर में जगह-जगह आतिशबाजी हुई। विधायक एवं मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग और नवनियुक्त सभापति बंशीलाल माली ने भी परिवार और पड़ोसियों के साथ आतिशबाजी कर दीपावली मनाई।
Jalor, Jalor | Nov 9, 2026