वीरा सेवा सदन के पास खुला पड़ा सीवर लाइन चैंबर, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
बीकानेर। शहर के वीरा सेवा सदन के पास pbm हॉस्पिटल के पीछे डुप्लेक्स कॉलोनी सड़क पर सीवर लाइन का चैंबर पिछले कई दिनों से खुला पड़ा हुआ है। इस खुले चैंबर के कारण कई छोटे-छोटे हादसे हो चुके हैं, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय नागरिक बद्री सिंह राजपुरोहित ने जानकारी देते हुए बताया कि यह मार्ग काफी व्यस्त रहता है और यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में राहगीर, दोपहिया वाहन एवं स्कूली बच्चे गुजरते हैं। ऐसे में यदि समय रहते खुले चैंबर को बंद नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए खुले पड़े सीवर लाइन चैंबर को तत्काल ढककर सुरक्षित किया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।