उप संचालक कृषि श्री नाथ ने किया अमरवाड़ा डबल लॉक उर्वरक केंद्र का औचक निरीक्षण
हर्रई में खुलेगा नया उर्वरक केंद्र
======================================
खरीफ सीजन में किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उप संचालक कृषि श्री मोरिस नाथ ने शुक्रवार को अमरवाड़ा स्थित डबल लॉक उर्वरक केंद्र का औचक निरीक्षण कर वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों से चर्चा कर ई-विकास प्रणाली के माध्यम से उर्वरक वितरण की स्थिति की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि उन्हें पात्रता के अनुसार उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है।
उप संचालक कृषि श्री नाथ ने किसानों से अपील की कि वे अपने फसल रकबे के अनुसार ई-विकास प्रणाली में टोकन बुक कर केंद्र पर आएं। उन्होंने कहा कि सभी पात्र किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले के सभी उर्वरक केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है तथा मांग के अनुसार लगातार उर्वरक की आपूर्ति की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान विकासखंड हर्रई में मार्केटिंग सोसायटी के अंतर्गत आगामी सप्ताह से शुरू होने वाले नए उर्वरक केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। इस केंद्र के शुरू होने से हर्रई क्षेत्र के किसानों को उर्वरक प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी। उप संचालक कृषि श्री नाथ ने बताया कि जिले में खरीफ फसल के लिए पर्याप्त मात्रा में यूरिया का भंडारण उपलब्ध है तथा इस सप्ताह जिले को यूरिया की चार अतिरिक्त रेक भी प्राप्त होने वाली हैं।
#agriculture
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Department of Agriculture, Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
105 views | Chhindwara, Madhya Pradesh | Jul 10, 2026