पीलीबंगा: वार्ड 29 में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने व फॉगिंग की मांग को लेकर ईओ को सौंपा ज्ञापन
#Lalbahadurbhakhar #pilibanga #hanumangarh #Municipality #CivicIssues #Sanitation #Fogging #LocalNews #RajasthanNews #PublicHealth #CleanlinessDrive #MunicipalBoard
पीलीबंगा (हनुमानगढ़)। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 29 में सफाई व्यवस्था बहाल करने, नियमित रूप से स्थाई सफाई कर्मचारी नियुक्त करने तथा मच्छर नियंत्रण हेतु फॉगिंग करवाने की मांग को लेकर अधिशासी अधिकारी (ईओ) अमर कुमार को ज्ञापन सौंपा गया।
यह ज्ञापन वार्ड संख्या 29 की कांग्रेस पार्षद नीलम भार्गव के निर्देशानुसार पार्षद प्रतिनिधि सुरेश भार्गव के नेतृत्व में दिया गया। इस दौरान उनके साथ वार्ड 28 के पार्षद भरत सिंह राठौड़ एवं पार्षद जागर सिंह भी उपस्थित रहे।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि वार्ड संख्या 29 में लंबे समय से स्थाई सफाई कर्मचारियों की कमी के कारण नालियों की नियमित सफाई नहीं हो पा रही है। नालियों में गंदा पानी जमा रहने से शाम ढलते ही मच्छरों का प्रकोप अत्यधिक बढ़ जाता है, जिससे आमजन व वार्डवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा मौसमी व मच्छरजनित बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है।
पार्षद प्रतिनिधि ने मांग की कि जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए वार्ड में तुरंत प्रभाव से स्थाई सफाई कर्मियों की व्यवस्था की जाए, नालियों में कीटनाशक दवा का छिड़काव करवाया जाए और नियमित रूप से फॉगिंग कराई जाए। ज्ञापन की एक प्रति उपखंड अधिकारी (एसडीएम) पीलीबंगा को भी सूचनार्थ प्रेषित की गई है।