भीषण गर्मी में हर घर तक पानी पहुंचाने की कवायद, शिवहर में नल-जल योजनाओं की महा-जांच,
डीएम प्रतिभा रानी के निर्देश पर 53 पंचायतों और नगर परिषद क्षेत्र में 109 अधिकारियों ने किया निरीक्षण,
शिवहर। भीषण गर्मी के बीच जिले के प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। प्रतिभा रानी के निर्देश पर शनिवार को जिले की सभी 53 पंचायतों तथा नगर परिषद क्षेत्र में संचालित ‘हर घर नल का जल’ योजनाओं की व्यापक जांच अभियान चलाया गया।
इस विशेष अभियान के तहत जिला एवं प्रखंड स्तर के कुल 109 अधिकारियों को विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिनियुक्त किया गया। अधिकारियों ने सुबह से ही अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर नल-जल योजनाओं का सघन निरीक्षण किया तथा Epicollect App-Nal Jal 2026 के माध्यम से अपनी जांच रिपोर्ट सीधे जिला पदाधिकारी को उपलब्ध कराई।
निरीक्षण के दौरान यह देखा गया कि वार्डों में नियमित रूप से पानी की आपूर्ति हो रही है या नहीं, कहीं पाइपलाइन क्षतिग्रस्त तो नहीं है, योजना से वंचित परिवारों एवं छूटे हुए टोलों की पहचान की गई तथा तकनीकी रूप से चालू दिखने वाली लेकिन वास्तव में बंद पड़ी योजनाओं को भी चिन्हित किया गया।
जिला प्रशासन का मानना है कि गर्मी के इस मौसम में पेयजल की उपलब्धता सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जमीनी स्तर पर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या का त्वरित समाधान किया जा सके।
डीएम प्रतिभा रानी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि पेयजल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर जहां भी योजनाएं बंद, क्षतिग्रस्त या प्रभावित पाई जाएंगी, उन्हें तत्काल दुरुस्त कर सुचारु जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन की इस पहल से उम्मीद है कि भीषण गर्मी के दौरान जिले के किसी भी परिवार को पेयजल संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा।