#अधिवक्ताओं पर हमले के विरोध में बार का आंदोलन तेज, कल से धरना,,
बहराइच। जिले में दो अधिवक्ताओं पर हुए कथित जानलेवा हमलों के विरोध में बार एसोसिएशन का आंदोलन तेज हो गया है। गुरुवार की दोपहर दो बजे बार के पदाधिकारियों ने बैठक कर पुलिस पर लापरवाही बरतने और आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी का आरोप लगाया। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन के अगले चरण में वे सामूहिक रूप से गिरफ्तारी देंगे और जेल में रहकर सत्याग्रह करेंगे।
जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजेश शुक्ला ने बताया कि पहली घटना 17 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे की है। बार के पूर्व उपाध्यक्ष बाबूराम तिवारी के वसंत विहार कॉलोनी स्थित आवास में तीन हमलावर घुस आए और उन पर चाकू से हमला कर दिया। यह स्थान कोतवाली देहात से करीब 50 मीटर की दूरी पर बताया गया है। शोर सुनकर पहुंचे मोहल्ले के लोगों ने एक आरोपी अक्षय को पकड़ लिया, जबकि दूसरा आरोपी रवि फरार हो गया। तीसरे की पहचान नहीं हो सकी। मामले में कोतवाली देहात में अपराध संख्या 397/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 109, 115(2), 352, 351(3) और 333 में मुकदमा दर्ज कराया गया है। लेकिन फरार आरोपियों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है।
दूसरी घटना 23 अक्टूबर को हुई। आरोप है कि अधिवक्ता अखिलेश त्रिपाठी को मनीष नाम के युवक ने फॉर्च्यूनर गाड़ी से कुचलने का प्रयास किया गया। हादसे में उनका हेलमेट टूट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इस मामले में भी धारा 109 और 352 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है लेकिन इस मामले में भी अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है ।
कल से धरना, शनिवार से जेल में सत्याग्रह
बार के ऐलान के मुताबिक शुक्रवार को सुबह 11 बजे से धरना स्थल पर धरना दिया जाएगा। इसे आंदोलन का दूसरा चरण बताया गया है। इसके बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर शनिवार से तीसरे चरण में अधिवक्ता सामूहिक रूप से गिरफ्तारी के लिए प्रस्तुत होंगे और जेल में रहकर ‘रघुपति राघव राजा राम’ का भजन करेंगे। बार ने स्पष्ट किया कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
Mahasi, Bahraich | Oct 29, 2026