पुलिस को मिली बड़ी सफलता.
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के जंगल में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के ठिकाने से 39.77 लाख रुपये नकद बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
बीजापुर जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) उमेश प्रसाद गुप्ता ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों के संयुक्त दल ने मंगलवार को भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत बड़ेपल्ली गांव के पास जंगल में यह बरामदगी की।
उन्होंने बताया कि इस दल में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) के जवान शामिल थे।
एसपी ने बताया कि तलाशी और बारूदी सुरंग हटाने के अभियान के दौरान बीडीएस की टीम को जमीन के अंदर एक बोरी में छिपाकर रखा गया स्टील का कंटेनर मिला। कंटेनर के अंदर टेप से लिपटे कई पैकेट रखे हुए थे।
जांच करने पर पता चला कि इन पैकेटों में पांच सौ रुपये के नोटों के रूप में कुल 39.77 लाख रुपये नकद थे।
#reelvideo #bastarpolice #trending #viralreels #viral