माहौर समाज की धर्मशाला में घुसकर तोड़फोड़, मंदिर को नुकसान; विरोध करने पर सरिया-डंडों से हमला
मुरैना। वार्ड क्रमांक 21 स्थित दुल्लपुर में माहौर समाज की धर्मशाला में घुसकर कुछ लोगों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि धर्मशाला परिसर में बने मंदिर में भी नुकसान पहुंचाया गया। विरोध करने पर दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट की घटना हो गई।
शिकायतकर्ता अनिल माहौर ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 17 जून 2026 की रात करीब 9 बजे उनके परिजन जितेंद्र उर्फ जीत, विजय माहौर और राजेंद्र माहौर घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान कुछ लोग सरिया, डंडा और पाइप लेकर पहुंचे और विवाद करने लगे। आरोप है कि आरोपियों ने जितेंद्र, विजय और राजेंद्र के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें सिर, हाथ, आंख, कंधे व शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।
रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने माहौर समाज की धर्मशाला में घुसकर तोड़फोड़ की तथा वहां बने मंदिर को भी क्षति पहुंचाई। इसके अलावा घर के दरवाजों और खिड़कियों को नुकसान पहुंचाने का आरोप भी लगाया गया है।
मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Gwalior Gird, Gwalior | Jun 19, 2026