✅ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार धनतेरस पर विशेष अभियान चलाकर स्वामित्व पंजीयन योजना का किया गया प्रभावी क्रियान्वयन
✅ शत्-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति की ओर जिले के बढ़ते कदम
✅ सांसद एवं विधायक ने हितग्राहियों से किया संवाद, योजनाओं के बताये लाभ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार धनतेरस के पावन अवसर पर स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले में विशेष अभियान संचालित किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पात्र हितग्राहियों की रजिस्ट्रियां संपन्न कराई गईं।
विशेष अभियान के तहत जनपद पंचायत बुरहानपुर के ग्राम हतनूर एवं सुखपुरी में सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटील, ग्राम रायगांव में बुरहानपुर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस तथा ग्राम बालापाट में नेपानगर विधायक सुश्री मंजू दादू की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों एवं हितग्राहियों के बीच पहुंचकर स्वयं की मौजूदगी में रजिस्ट्रियों का निष्पादन कराया। कार्यक्रमों में अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
✅ ग्रामीणों को मिलेगा संपत्ति पर कानूनी अधिकार
कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को स्वामित्व पंजीयन योजना के महत्व एवं लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शासन की इस महत्वपूर्ण पहल से ग्रामीण आबादी क्षेत्र में भूखण्ड धारकों को अधिकार अभिलेख एवं स्वामित्व संबंधी वैधानिक दस्तावेज उपलब्ध कराए जायेंगे। इससे ग्रामीण परिवारों को अपनी संपत्ति पर कानूनी अधिकार प्राप्त होने के साथ ही बैंक ऋण एवं अन्य वित्तीय सुविधाएं प्राप्त करने में भी आसानी होगी।
इसी श्रृंखला में कलेक्टर श्री विवेक कुमार द्वारा जिले में स्वामित्व पंजीयन कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। शासन के निर्देशानुसार निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न विभागों के जिला अधिकारीगण 6 नवंबर को प्रातः 7ः30 बजे से ही राजस्व एवं पंचायत विभाग के अधिकारी- कर्मचारियों के समन्वय से अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन में जुटे रहे। अभियान के दौरान कार्यों की प्रगति पर लगातार नजर रखते हुए हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने के प्रयास किए गए।
✅ पंजीयन एवं स्टाम्प शुल्क पूरी तरह माफ, हितग्राहियों पर नहीं आएगा कोई आर्थिक भार
स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीण आबादी क्षेत्र के अधिकार अभिलेखों के पंजीयन पर लगने वाले स्टाम्प ड्यूटी एवं पंजीयन शुल्क को पूरी तरह माफ किया गया है। इसके अंतर्गत हितग्राहियों से पंजीयन के समय किसी भी प्रकार की राशि नहीं ली जा रही है। पंजीयन संबंधी संपूर्ण व्यय राज्य शासन द्वारा वहन किया जा रहा है। इससे ग्रामीण परिवारों को बिना किसी आर्थिक भार के अपनी संपत्ति का वैधानिक स्वामित्व प्राप्त हो रहा है।
भू-संसाधन प्रबंधन विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार अब तक जिले में कुल 23,687 रजिस्ट्रियां तैयार की जा चुकी हैं।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav
Department Of Revenue, Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh #burhanpur #बुरहानपुर #स्वामित्व_योजना #JansamparkMP #sampada2_0
Burhanpur, Madhya Pradesh | Nov 6, 2026