सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ एवं ‘विकसित भारत’ विषय पर जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन शनिवार को शासकीय माडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अनूपपुर में किया गया। जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने विचारों, कल्पनाओं एवं रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से विकसित भारत की परिकल्पना को प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात निर्धारित विषयों पर भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित हुई। भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने विचारों एवं अभिव्यक्ति कौशल के माध्यम से भारत के विकास, शिक्षा, राष्ट्र निर्माण तथा नागरिकों की भूमिका पर विचार प्रस्तुत किए। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों एवं रचनात्मकता के माध्यम से अपने सपनों के भारत एवं विकसित भारत की कल्पना को चित्रों में उकेरा।
भाषण प्रतियोगिता के परिणाम
भाषण प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में उत्कृष्ट विद्यालय अनूपपुर की बसुन्धरा पटेल ने प्रथम, हायर सेकेंडरी स्कूल पसला की रिया यादव ने द्वितीय तथा हायर सेकेंडरी स्कूल जमुना कालरी की सोनाली पटेल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कनिष्ठ वर्ग में अनूपपुर पब्लिक स्कूल के आयुष बैगा ने प्रथम, मेगा माइंड अनूपपुर की अन्वी तिवारी ने द्वितीय तथा मेगा माइंड अनूपपुर के विख्यात गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
चित्रकला प्रतियोगिता के परिणाम
चित्रकला प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में संदीपनी विद्यालय बदरा की सुहानी चौधरी ने प्रथम, पैरामाउंट स्कूल जैतहरी की लक्ष्मी ताम्रकार ने द्वितीय तथा शासकीय माडल विद्यालय अनूपपुर के आकाश सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कनिष्ठ वर्ग में मेगा माइंड अनूपपुर की सिहाइना सिन्हा ने प्रथम, अनूपपुर पब्लिक स्कूल के आयुष बैगा ने द्वितीय तथा शासकीय संदीपनी विद्यालय कुहका की अनुष्का केवट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
#सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan #anuppur
Anuppur, Madhya Pradesh | Sep 27, 2026