अररिया, 27 अगस्त 2026
“जांच एवं उपचार—चिकित्सा आपके द्वार” कार्यक्रम को और व्यापक एवं प्रभावी बनाने पर हुई चर्चा
समाहरणालय, अररिया स्थित जिलाधिकारी के कार्यालय कक्ष वेशम में जिला पदाधिकारी, अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में “जांच एवं उपचार—चिकित्सा आपके द्वार” कार्यक्रम के विस्तार एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्टेट पिरामल टीम की ओर से डॉ. श्रद्धा झा एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक, अररिया श्री संतोष कुमार उपस्थित रहे।
बैठक में “चिकित्सा आपके द्वार” कार्यक्रम की वर्तमान प्रगति, उपलब्धियों एवं जमीनी स्तर पर इसके प्रभाव की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने कार्यक्रम के माध्यम से आमजनों तक स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने तथा इसकी प्रभावशीलता को और बढ़ाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने कार्यक्रम को व्यापक स्वरूप प्रदान करते हुए मैटरनल एंड चाइल्ड हेल्थ (MCH) से संबंधित महत्वपूर्ण इंडिकेटर्स को भी कार्यक्रम में शामिल करने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े प्रमुख संकेतकों की नियमित निगरानी से गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं की समय पर पहचान की जा सकेगी तथा आवश्यक उपचार एवं रेफरल सेवाएं उपलब्ध कराने में सुविधा होगी।
जिला पदाधिकारी ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की समयबद्ध पहचान, नियमित निगरानी, उपचार एवं आवश्यक रेफरल व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर बल दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं टीम को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को अधिक जन-केंद्रित बनाने का निर्देश दिया।
बैठक में यह भी चर्चा की गई कि MCH इंडिकेटर्स को “चिकित्सा आपके द्वार” कार्यक्रम से जोड़ने से स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी अधिक प्रभावी होगी तथा समुदाय के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।
जिला प्रशासन द्वारा “जांच एवं उपचार—चिकित्सा आपके द्वार” कार्यक्रम को और अधिक व्यापक, प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने की दिशा में आवश्यक पहल की जा रही है। यह पहल विशेष रूप से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
जिला प्रशासन अररिया
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
8 views | Araria, Bihar | Aug 27, 2026