जमुई में आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ, कलाकारों को मिलेगा निःशुल्क प्रशिक्षण
जमुई। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार द्वारा संचालित आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र, जमुई का शुभारंभ रविवार को चंद्रशेखर सिंह संग्रहालय, जमुई में किया गया। केंद्र का विधिवत उद्घाटन जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने किया।
उद्घाटन के दौरान जिला पदाधिकारी ने आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यहां शास्त्रीय संगीत, शास्त्रीय नृत्य तथा वाद्य वादन जैसे तबला, ढोलक और हारमोनियम का निःशुल्क प्रशिक्षण नवोदित कलाकारों को दिया जाएगा। 6 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी व्यक्ति यहां नामांकन कर प्रशिक्षण प्राप्त कर सकता है।
उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ शिक्षकों के सान्निध्य में कलाकारों की प्रतिभा को निखारने का कार्य किया जाएगा। आर्थिक विषमताओं और अन्य प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण जिले की सांस्कृतिक प्रतिभाओं की प्रगति बाधित न हो, इसके लिए यह प्रशिक्षण केंद्र महत्वपूर्ण पहल है। इससे जमुई के कलाकारों को बेहतर कला प्रशिक्षण के लिए जिले से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और उन्हें बिना किसी शुल्क के अपनी प्रतिभा विकसित करने का अवसर मिलेगा।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि जमुई परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है और जिला प्रशासन जिले को नई गति देने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी दिशा में आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कला एवं संस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों और गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से समाज में सकारात्मक माहौल बनेगा।
उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी रचनात्मक ऊर्जा और प्रतिभा से भरपूर है। उसे सही दिशा देने के लिए शिक्षा के साथ-साथ कलात्मक गतिविधियों से जोड़ना आवश्यक है। इससे नई पीढ़ी को संस्कारवान एवं सुसंस्कृत नागरिक बनाने में मदद मिलेगी।
उद्घाटन के अवसर पर जिला पदाधिकारी ने नवोदित कलाकारों से संवाद करते हुए उन्हें मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में अपनी रुचि और व्यक्तित्व की विशेषताओं को पहचानकर इच्छित क्षेत्र में निरंतर प्रयास करने से सफलता हासिल की जा सकती है।
आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र के शुभारंभ से जिले के कला प्रेमियों और उभरते कलाकारों में उत्साह का माहौल है। केंद्र के माध्यम से जमुई की स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला निखारने के लिए बेहतर मंच मिलने की उम्मीद है।
Khaira, Jamui | Aug 23, 2026