मांग मनवाने का नया तरीका? मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, घंटों चला समझाने का दौर
देवरिया। जिले के लार थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती अचानक मोबाइल टावर पर जा चढ़ी। मामला ग्राम मटियारा जगदीश का है। युवती के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।
घटना की जानकारी मिलते ही लार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए युवती से नीचे उतरने की अपील की। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस काफी देर तक युवती को समझाने का प्रयास करती रही।
लगातार समझाने-बुझाने के बाद युवती टावर से सुरक्षित नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली और मामले की जानकारी जुटाने में लग गई।
मोबाइल टावर पर चढ़कर अपनी बात रखने या विरोध जताने की घटनाएं सामने आने के बाद यह तरीका चर्चा का विषय बनता जा रहा है। हालांकि, इस मामले में युवती ने आखिर किस वजह से टावर पर चढ़ने का कदम उठाया, इसकी पूरी जानकारी पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
Deoria, Deoria | Sep 11, 2026